Edited By ,Updated: 10 Feb, 2016 09:04 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधने को लेकर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए भाजपा ने आज कहा कि राहुल जहां बस तस्वीरें खिंचाते हैं ...
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधने को लेकर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए भाजपा ने आज कहा कि राहुल जहां बस तस्वीरें खिंचाते हैं, वहीं प्रधानमंत्री काम करने में विश्वास करते हैं। भाजपा ने आरोप लगाया कि राहुल के परिवार ने देश में ‘बांटो और राज करो’ का पहला बीज बोया था।
भाजपा ने केरल में वाममोर्चा की आलोचना करने और पश्चिम बंगाल में उनके साथ गठजोड़ के प्रयास करने के कांग्रेस के दोहरे मानदंडों पर सवाल खड़ा करते हुए आगाह किया कि ‘जिसकी समाप्ति तारीख निकल चुकी है, उसके साथ गठबंधन करना विषैला’ हो सकता है।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सिद्धार्थनाथ सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम तस्वीरें खिंचाने के मौके खोजने में भरोसा नहीं करते। आपको यह अच्छा लग सकता है लेकिन हमारे प्रधानमंत्री काम करने में भरोसा करते हैं। जब आप गरीबों की मदद की बात करते हैं तो यह तस्वीरें खिंचाकर और उनके साथ भोजन करके नहीं किया जाता। बल्कि उनके कल्याण की और उनकी जिंदगी तथा फसलों की सुरक्षा वाली योजनाओं के माध्यम से यह किया जाता है, जिसके बारे में आप कभी नहीं सोचते।’’
उन्होंने केरल की यात्रा के दौरान भ्रष्टाचार के बारे में कुछ नहीं बोलने पर राहुल की निंदा की और पूछा कि वह चुप क्यों थे और कांग्रेस शासित राज्यों के दौरे पर उन्हें एेसा क्यों हो जाता है। राहुल गांधी ने आज प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘सतही ’ बताया और उन पर संघ के साथ मिलकर चुनावों के दौरान हिंदुओं-मुसलमानो को बांटने के मकसद से जहरीला अभियान चलाने का आरोप लगाया था।