नीना ने स्वर्ण पदक जीता, नीरज ने विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया

Edited By ,Updated: 27 Apr, 2017 07:56 PM

sports  athletics  neeraj  gold medal  nina warakil

भारत की नीना वाराकिल ने एशियाई ग्रां प्री एथलेटिक्स मीट के दूसरे चरण में आज महिलाओं की लंबी कूद में स्वर्ण पदक जीता।

जियाक्सिंग: भारत की नीना वाराकिल ने एशियाई ग्रां प्री एथलेटिक्स मीट के दूसरे चरण में आज महिलाओं की लंबी कूद में स्वर्ण पदक जीता। भारत ने इस प्रतियोगिता में कुल छह पदक हासिल किये। भाला फेंक में विश्व जूनियर रिकॉर्ड धारक नीरज चोपड़ा को हालांकि रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा लेकिन वह अगस्त में लंदन में होने वाली आईएएएफ विश्व चैंपियनशिप के लिये क्वालीफाई करने में सफल रहे। उन्होंने 24 अप्रैल को पहले चरण में भी रजत पदक जीता था।  नीना ने अपने छठे और अंतिम प्रयास में 6.37 मीटर कूद लगाकर स्वर्ण पदक जीता। चीन की झू झियाआे लिंग ने भी 6.37 मीटर की दूरी नापी लेकिन ‘काउंट बैक’ में उन्हें रजत से संतोष करना पड़ा।  

नीना की तीन सर्वश्रेष्ठ कूद 6.37 मीटर, 6.32 मीटर और 6.32 मीटर रही जबकि लिंग की 6.37 मीटर, 6.32 मीटर और 6.22 मीटर रही। नीना ने पहले चरण में रजत पदक जीता था।  नीना के स्वर्ण पदक के अलावा भारत को मनप्रीत कौर ( महिला गोला फेंक), नीरज चोपड़ा (पुरूष भाला फेंक), दुती चंद (महिला 100 मीटर) और टिंटु लुका (महिला 800 मीटर) ने रजत जबकि आेमप्रकाश करहाना (पुरूष गोला फेंक) ने कांस्य पदक दिलाया। पहले चरण में स्वर्ण पदक जीतने वाली मनप्रीत 17.46 मीटर की दूरी तक ही गोला फेंक पायी और उन्हें रजत से संतोष करना पड़ा। चीन की बियान की 18.03 मीटर के साथ स्वर्ण पदक जीता। मनप्रीत ने 24 अप्रैल को पहले चरण में 18.86 मीटर गोला फेंककर राष्ट्रीय रिकार्ड बनाया था। 

इस बीच नीरज ने पहले चरण की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने 83.32 मीटर भाला फेंककर रजत पदक जीतने के साथ विश्व चैंपियनशिप के लिये भी क्वालीफाई किया। विश्व चैंपियनशिप के लिये क्वालीफाईंग मार्क 83 मीटर है। चीनी ताइपै के चाआे सुन चेंग ने 86.92 मीटर भाला फेंककर स्वर्ण पदक जीता। महिला फर्राटा धाविका दुती चंद ने 100 मीटर की दौड़ 11.57 सेकेंड में पूरी करके रजत पदक हासिल किया। कजाखस्तान की विक्टोरिया जायबकिना ने 11.36 सेकेंड के साथ सोने का तमगा हासिल किया। दुती ने पहले चरण में कांस्य पदक जीता था। महिलाओं की 800 मीटर दौड़ में टिंटु ने अपना दूसरा रजत पदक जीता। उन्होंने दो मिनट 6.32 सेकेंड में दौड़ पूरी की। पुरूषों के गोला फेंक में करहाना ने 18.73 मीटर के साथ अपना दूसरा कांस्य पदक हासिल किया।  पुरूषों की 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतने वाले जिनसन जानसन यहां आठवें स्थान पर रहे। भारत ने पहले चरण में एक स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य सहित कुल सात पदक जीते थे। तीसरा चरण 30 अप्रैल को चीनी ताइपै में होगा।  

Related Story

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!