Edited By Punjab Kesari,Updated: 20 Jul, 2017 06:48 PM
भारतीय महिला हॉकी टीम को यहां चल रहे हॉकी वल्र्ड लीग सेमीफाइनल्स में पांचवें से आठवें स्थान के मुकाबले में जापान के...
जोहानसबर्ग: भारतीय महिला हॉकी टीम को यहां चल रहे हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल्स में पांचवें से आठवें स्थान के मुकाबले में जापान के हाथों 0-2 की हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम अब सातवें और आठवें स्थान के लिए 22 जुलाई को खेलेगी। भारतीय गोलकीपर सविता ने इस मैच में कई अच्छे बचाव किए वरना भारत की हार का अंतर कहीं बड़ा हो सकता था।
जापान ने यह मुकाबला जीतकर अगले वर्ष होने वाले महिला विश्व कप के लिए अपनी संभावनाएं मजबूत कर ली हैं। जापान ने सातवें मिनट में अपना पहला पेनल्टी कार्नर हासिल किया जिसपर काना नोमूरा ने गोल कर दिया। जापान ने अपना दूसरा गोल 29वें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर किया।
नाहो इचितानी ने यह गोल दागा। भारत ने आखिरी 15 मिनट में कुछ मौके बनाए लेकिन वंदना, रानी, रेणुका यादव और गुरजीत कौर इन मौकों का फायदा नहीं उठा पाए। अंतिम हूटर बजने पर भारत को दो गोल की हार का सामना करना पड़ा।