Edited By Punjab Kesari,Updated: 25 Sep, 2017 03:37 PM
लोगों की सुविधा के लिए केन्द्र सरकार आगामी एक वर्ष के दौरान देश के सभी मुख्य डाकघरों में पासपोर्ट....
नई दिल्लीः लोगों की सुविधा के लिए केन्द्र सरकार आगामी एक वर्ष के दौरान देश के सभी मुख्य डाकघरों में पासपोर्ट कार्यालय खोलेगी। विदेश राज्य मंत्री जनरल वी के सिंह ने बताया कि केन्द्र सरकार देश के सभी मुख्य डाकघरों में पासपोर्ट कार्यालय खोलेगी। डाकघरों में पासपोर्ट कार्यालय खोले जाने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। इससे असुविधा और समय की बचत होगी। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद जैसे निर्यातक शहर के लिए यह योजना काफी लाभप्रद साबित होगी। सिंह ने कहा कि निर्यात नगरी में पासपोर्ट बनवाने के लिए यहां के लोगों को बाहर जाना पड़ता है। डाकघरों में ही पासपोर्ट बनने की सुविधा होने पर निर्यातकों को काफी राहत मिलेगी।
स्वदेशी जागरण मंच के एक कार्यक्रम में मुरादाबाद में पहुंचे विदेश राज्य मंत्री जनरल वी के सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने तीन साल में समयबद्धता के साथ जनकल्याण के काम पूरे किए हैं। ऐसा पूर्ववर्ती सरकारों ने नहीं किया। केंद्र सरकार की साढे तीन साल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए सिंह ने कहा कि विदेश मंत्रालय ने पहल करके विदेशों में फंसे 85 हजार नागरिकों को सकुशल देश लौटाने का काम किया है। यमन, लीबिया, ईराक समेत कई देशों में फसे भारतीयों को स्वदेश लाया गया। विदेश राज्य मंत्री ने कहा कि पण्डित दीन दयाल उपाध्याय का सपना साकार करने के लिए सभी को अपनी-अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिए।