Edited By ,Updated: 05 Feb, 2017 08:51 AM
मिनर्वा पंजाब ने अपने घरेलू मैदान पर शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई एफसी को 2-1 से हराकर 10 वीं हीरो आई लीग फुटबाल चैंपियनशिप...
लुधियाना: मिनर्वा पंजाब ने अपने घरेलू मैदान पर शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई एफसी को 2-1 से हराकर 10 वीं हीरो आई लीग फुटबाल चैंपियनशिप में अपनी पहली जीत का स्वाद चख लिया।
पंजाब टीम ने गत बुधवार को चर्चिल ब्रदर्स को गोल रहित ड्रा पर रोका था और अब उसने मुंबई टीम को 2-1 से लुढ़का दिया। आई लीग में पहली बार खेल रही मिनर्वा पंजाब के हीरो रहे उसके दो युवा सितारे बाओरिंगदाओ बोडो और अनिरुद्ध थापा जिन्होंने दूसरे हाफ में 9 मिनट के अंतराल में गोल दागे।
बोडो ने 57 वें मिनट में और थापा ने 66 वें मिनट में गोल किए। करण साहनी ने 77 वें मिनट में मुंबई के लिए पहला और टूर्नामेंट का अपना तीसरा गोल किया लेकिन मुुंबई की टीम पंजाब को रोक नहीं सकी। थापा को हीरो आफ द मैच की ट्राफी प्रदान की गई। पंजाब इस जीत के साथ चेन्नई को पीछे छोड़कर नौवें स्थान पर पहुंच गया है। पंजाब के खाते में 5 अंक हो गए हैं जबकि मुंबई को अपने पहले अंक की तलाश है। उसे लीग में लगातार 5 पराजयों का सामना करना पड़ा है।