Edited By Punjab Kesari,Updated: 04 Aug, 2017 05:19 PM
चेतेश्वर पुजारा (133)और अजिंक्या रहाणे(132) के जोरदार शतकों के बाद रविचंद्रन अश्विन(54) ,रिद्धिमान साहा (67)...
कोलंबो: चेतेश्वर पुजारा (133)और अजिंक्या रहाणे(132) के जोरदार शतकों के बाद रविचंद्रन अश्विन(54) ,रिद्धिमान साहा (67) तथा रवींद्र जडेजा (नाबाद 70)के अर्धशतकों के दम पर भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन शुक्रवार को नौ विकेट पर 622 रन का विशाल स्कोर बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी। श्रीलंका ने इसके जवाब में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट खोकर 50 रन बना लिए। श्रीलंका अभी भारत के स्कोर से 572 रन पीछे है।
अश्विन ने झटके दोनों विकेट
श्रीलंका की पारी में गिरे दोनों आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने झटके। अश्विन ने श्रीलंकाई पारी का दूसरा ओवर डाला और मोहम्मद शमी के साथ गेंदबाजी की शुरुआत की। अश्विन ने उपुल तरंगा (0) को दूसरे ही ओवर में लोकेश राहुल के हाथों कैच कराया और फिर दूसरे ओपनर दिमुथ करूणारत्ने (25) को अजिंक्या रहाणे के हाथों लपकवा दिया। अश्विन ने 38 रन पर दो विकेट लिए। स्टंप्स के समय कुशल मेंडिस 16 और कप्तान दिनेश चांडीमल आठ रन बनाकर क्रीज पर थे।
बना दूसरा सबसे बड़ा स्कोर
इससे पहले भारत ने इस तरह लगातार दूसरे टेस्ट में 600 का स्कोर बनाया। भारत ने गाले टेस्ट की पहली पारी में 600 रन बनाये थे और यहां उसने 622 के आंकड़े पर अपनी पारी घोषित कर दी। भारत का श्रीलंका की जमीन पर यह दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। भारत ने जुलाई 2010 में कोलंबो में ही श्रीलंका के खिलाफ 707 रन का स्कोर बनाया था।