Edited By Punjab Kesari,Updated: 01 Aug, 2017 10:30 AM
आसमान से बरस रही बारिश ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है....
विकासनगर: आसमान से बरस रही बारिश ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। क्या मैदान क्या पहाड़ सब बारिश से सराबोर हैं। लगभग 3 दर्जन से अधिक रास्ते बंद हैं। आए दिन चारधाम यात्रा मार्गों पर मलबा और पहाड़ टूटकर गिर जाता है। केवल पर्यटक ही नहीं मैदानी क्षेत्र के आम आदमी भी आसमानी आफत के कारण काफी परेशान हैं। लगता है कि सब्जियां और थाली एक-दूसरे से दूरी बना लेंगी। इसका कारण महंगी होती सब्जियां हैं।
लगातार हो रही बारिश से पहाड़ी क्षेत्रों के रास्तों के बार-बार बंद होने के कारण मंडियों तक सब्जियों के समय से न पहुंचने के कारण बाजार में फल-सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। इससे लोगों का बजट बिगड़ रहा है और बेहाल आम आदमी महंगाई के कारण सब्जियां नहीं खरीद पा रहा है।
सब्जियों की खरीद पर अधिकांश पहाड़ी क्षेत्रों पर भी निर्भर है। आजकल लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी रास्तों के बंद हो जाने पर मजबूर किसानों की सब्जी-फल इत्यादि समय से मंडी तक नहीं पहुंच पाती हैं। जिस कारण मंडियों में सब्जी के दाम बढ़ गए हैं। विक्रेताओं के अनुसार कुछ समय पहले तक टमाटर 20 से 30 रुपए प्रति किलो बिक रहा था।
कमलेश का कहना है कि टमाटर 80 से 100 रुपए और मटर 120 रुपए प्रति किलो लेने को मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं करेला, घीया व तौरी पहले 20 अब 40 व बीनस, बैंगन पहले 30 तो अब 50 और शिमला मिर्च पहले 30 तो अब प्रति किलो 50 रुपए से अधिक पर बिक रही है। नीशा, रजनी, श्याम सिंह व संजय आदि का कहना है कि महंगाई होने के कारण गरीब न तो दाल खरीद सकता है और न ही सब्जियां, ये सब गरीब की थाली से गायब हैं।