Edited By ,Updated: 25 Apr, 2016 01:35 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को झारखंड के जमशेदपुर में एक पावर प्लांट का शिलान्यास किया और उसके बाद देशभर की ग्रामसभाओं को एक साथ संबोधित किया।
जमशेदपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को झारखंड के जमशेदपुर में एक पावर प्लांट का शिलान्यास किया और उसके बाद देशभर की ग्रामसभाओं को एक साथ संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा- महात्मा गांधी कहते थे कि 'भारत गांव में बसता है', लेकिन हम देख सकते हैं कि शहर और ग्राम के बीच दूरी बढ़ती जा रही है। वहीं भारत उदय कार्यक्रम के दौरान मोहन आहूजा स्टेडियम में देश के विभिन्न राज्यों से आए कृषि विशेषज्ञों द्वारा लगाए गए कृषि स्टॉल को सैकड़ों लोगों ने देखा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एक्सटेंशन ऑफिसर एग्रीकल्चर, भारत सरकार डॉ. जेपी यादव ने बताया कि कृषि गैलरी में कुल 52 स्टॉल लगाए गए थे। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक भीड़ प्रधानमंत्री द्वारा हाल ही में लांच किए गए किसान सुविधा एप के स्टॉल पर रही। यहां लगभग 400 लोगों ने अपने मोबाइल पर किसान सुविधा एप डाउनलोड करवाया।
स्टेडियम में मध्य प्रदेश के सागर की उन्नत कृषि अभियान परिषद संस्था ने भी स्टॉल लगाया था। संस्था के संचालक आकाश चौरसिया ने बताया कि उनकी संस्था जैविक खेती व जैविक खाद बनाने की संपूर्ण विधि की जानकारी किसानों को प्रत्येक माह की 27 व 28 तारीख को निशुल्क देती है। उनके स्टॉल पर काफी लोगों ने जैविक खेती के तरीके व उसके लाभ के संबंध में जानकारी ली। इसके अलावा राष्ट्रीय जैविक खेती परियोजना केंद्र, जबलपुर मध्य प्रदेश द्वारा लगाए गए स्टॉल को भी पंचायत प्रतिनिधियों ने देखा।