Edited By ,Updated: 08 Sep, 2016 11:51 PM
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गया में पहाड़ों से चट्टान खिसकने की आशंका एवं कई इलाकों में भारी बारिश के कारण जलजमाव...
गया: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गया में पहाड़ों से चट्टान खिसकने की आशंका एवं कई इलाकों में भारी बारिश के कारण जलजमाव की सूचना पर गुरुवार को गया पहुंचे और सबसे पहले शाहमीर तक्या दुर्गास्थान का दौरा किया। गया पहुंचने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शाहमीर तक्या दुर्गास्थान स्थित एक मकान की छत से मेगाफोन के माध्यम से इस इलाके में पहाड़ी की तलहटी में बसे लोगों से घर खाली करने की अपील की।
जलजमाव और पहाड़ की चट्टान खिसकने पर किया दौरा
नीतीश ने कहा कि जान है तो जहान है। उन्होंने कहा कि अगर फिर बारिश हुई तो पत्थर के खिसकने का डर है। उन्होंने कहा कि उनके लिए अलग कैंप की व्यवस्था की जा रही है। नीतीश ने कहा कि पुलिस लगातार गश्त करेगी और उनके घरों की सुरक्षा करेगी आप घर की सुरक्षा के लिये चिंतित न हों। जिला प्रशासन के लोग इसकी पूरी देखभाल करेंगे। उन्होंने कहा कि पितृपक्ष मेला में लोगों को ठहराने के लिये जो व्यवस्था की गई थी उसमें आप रह सकते हैं।
अतिक्रमण को हटाने के निर्देश
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने जलजमाव का निरीक्षण किया। जानकारी दी गई कि अतिक्रमण के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। उन्होंने पंतनगर में मनसरवा नहर के बीच अतिक्रमण को तुरंत हटाने का निर्देश उप विकास आयुक्त को दिए। बाद में मुख्यमंत्री ने गया हवाई अड्डे पर अधिकारियों के साथ बैठककर तेजी से कार्य करने का निर्देश दिए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने किया था हवाई सर्वेक्षण
मुख्यमंत्री ने महानिदेशक अग्निशमन सेवा पीएन राय को समन्वय कर सभी कार्यों को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिए। इस अवसर पर गया के प्रभारी मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा, आपदा प्रबंधन के प्रधानसचिव व्यास जी और मुख्यमंत्री के प्रधानसचिव चंचल कुमार सहित अन्य स्थानीय पदाधिकारी उपस्थित थे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने पटना से गया जाने के क्रम में गया में लगातार बारिश के कारण हुए जलजमाव का भी हवाई सर्वेक्षण किया।