Edited By ,Updated: 02 Jan, 2016 05:42 PM
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने आज दावा किया कि केन्द्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व...
पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने आज दावा किया कि केन्द्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी और लोकसभा का मध्यावधि चुनाव होना तय है। लालू यादव ने यहां राजद के प्रदेश कार्यालय में पार्टी की बिहार इकाई की नवनिर्वाचित राज्य परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के घर में ही आग लगी हुई है और वहां सबकुछ ठीक ठाक नहीं चल रहा है।
पांच साल तक इंतजार नहीं किया जा सकता और अब दिल्ली पर चढ़ाई की तैयारी करनी है। उन्होंने कहा कि धर्मनिरपेक्ष शक्तियों को गोलबंद करने की कवायद शुरू हो गई और इसका परिणाम जल्द ही दिखाई पडऩे लगेगा। राजद अध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही वह पूरे देश में सामाजिक न्याय एवं धर्मनिरपेक्ष दलों को गोलबंद करने के लिए निकलेंगे और इसमें तनिक भी कसर नहीं रह गई है कि दिल्ली की राजनीतिक स्थिति बदलने वाली है।
असम, पश्चिम बंगाल और उसके बाद उत्तर प्रदेश में विधानसभा का चुनाव होना है जहां सामाजिक न्याय एवं धर्मनिरपेक्ष दलों को एक साथ लाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बिहार की तरह इन प्रदेशों में भी धर्मनिरपेक्ष दलों का एक मजबूत गठबंधन बनाने की कवायद शुरू की जाएगी।