हैरी तथा मेघन के विवाह को लेकर ब्रिटेन के लोगों में भारी उत्साह

Edited By Pardeep,Updated: 17 May, 2018 05:54 AM

great enthusiasm among uk people about the marriage of harry and meghan

‘‘बेगानी  शादी में अब्दुल्ला दीवाना,’’  यह गाना राजकपूर ने अपनी फिल्म ‘जिस देश में गंगा बहती है’ में भले ही जिस किसी भी संदर्भ में गाया और फिल्माया हो, शनिवार 19 मई को महारानी एलिजाबेथ के पोते हैरी की शादी के लिए ब्रिटेन की जनता इस वक्त बिल्कुल...

‘‘बेगानी  शादी में अब्दुल्ला दीवाना,’’  यह गाना राजकपूर ने अपनी फिल्म ‘जिस देश में गंगा बहती है’ में भले ही जिस किसी भी संदर्भ में गाया और फिल्माया हो, शनिवार 19 मई को महारानी एलिजाबेथ के पोते हैरी की शादी के लिए ब्रिटेन की जनता इस वक्त बिल्कुल दीवानी-सी हो रही है। 

यह देश तो वैसे ही शाही परिवार का परवाना है लेकिन दूल्हे हैरी के लिए लोगों के दिलों में कुछ विशेष ही प्यार उमड़ा हुआ है क्योंकि वह यह विवाह रचा रहा है बड़े ही निराले और अनोखे रंग-ढंग से, अपनी मनपसंद एक ऐसी लड़की से, जो न तो गोरी है, न अंग्रेज, न किसी ब्रिटिश या यूरोपियन राजकीय या रजवाड़े परिवार की बेटी, मिली-जुली नस्ल की है। बाप डच-आयरिश, मां अमरीकी-अफ्रीकन, जिनका तलाक-विवाह के 2 साल बाद ही हो गया था। उनके 2 बच्चे हैं।

16 महीने पहले तक किसी ने जिस लड़की का नाम तक नहीं सुना था आज सारे संसार में उसके चर्चे हैं, हर रोज समाचार पत्रों में उसके फोटो छप रहे हैं। एक साधारण भूमिका वाली लड़की मेघन मारकल अब इंगलैंड की शहजादी बनने जा रही है। वह उम्र में प्रिंस हैरी से 3 वर्ष बड़ी है। पहले शादीशुदा, तलाक हो चुका है। एक बेटे की मां है। अमरीकी टी.वी.  सीरियल में एक्ट्रैस की भूमिका निभाने के अतिरिक्त, अध्यापिका के तौर पर तथा कई अन्य क्षेत्रों में काम कर चुकी है।  
राजकुमार हैरी ने उसे अपना जीवनसाथी बनाने की योजना की घोषणा की, तो सुनने वाले चकित रह गए। 

बांका, रंगीला, गौरवर्ण, लुभावनी मुस्कान, प्रभावी कद-काठ, तीखे नैन-नक्श वाला 33 वर्षीय हैरी सदा युवा सुन्दर लड़कियों के झुरमट में घिरा रहता था। न जाने कितनी हसीनाओं की उस पर नजर थी। कइयों के साथ उसके संबंधों के चर्चे भी रहे। फिर यह क्या और कैसे हो गया, यह कथा बड़ी रोचक है लेकिन सारांश यही है कि : ‘दुल्हन वही जो पिया मन भाए’। स्त्री-पुरुषों को आपस में मिलने के अवसर जुटाने, सीमित या दीर्घ अवधि के लिए मित्र ढूंढने या जीवन का पक्का संगी-साथी  तलाश करने के इच्छुक लोगों का सम्पर्क करवाने वाली एक एजैंसी ‘ब्लाइंड डेट’ के माध्यम से हैरी और मारकल की मुलाकात हुई। हैरी ने मारकल को अफ्रीकी देश बोत्स्वाना के विश्व-प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ‘सफारी’ चलने और हॉलीडे साथ मनाने की पेशकश की, जो मारकल ने कबूल कर ली। हैरी इससे पहले भी 4 लड़कियों को इसी तरह हॉलीडे पर वहां ले जा चुका था। 

प्रेम-प्रसंग 2016 से चल रहा था लेकिन गुप्त रहा। 2017 में पहली बार जब दोनों को सार्वजनिक तौर पर इक्कठे देखा गया, तो हैरी ने महारानी को विवाह योजना से अवगत करवाया और उनकी अनुमति ली क्योंकि इंगलैंड के राजकीय परिवार की प्रथा के अनुसार ऐसा करना जरूरी था। राजसिंहासन के अधिकारी के तौर पर हैरी का नंबर 5वां है। वह महारानी एलिजाबेथ के जयेष्ठ पुत्र पिं्रस चाल्र्स और उसकी स्वर्गीय पत्नी पिं्रसैस डायना का छोटा बेटा है। शादी के लिए देश में उमंग है, तरंग है। सजावटें हो रही हैं। राजकुमार हैरी के माता-पिता और दादा-दादी के शादी समारोह जिस भव्य ढंग से बकिंघम पैलेस में हुए थे, उनकी मनोहर यादें लोगों के दिलों में अभी भी ताजा हैं। ब्रिटिश राजवंश के हजारों प्रेमी देश-विदेशों से लंदन में उमड़ पड़े थे। हैरी और मारकल के विवाह की रौनकें देखने के लिए भी ऐसा ही हो रहा है। 

उनका विवाह बकिंघम पैलेस की बजाय लंदन से 25 मील दूर सुन्दर, प्राकृतिक, रमणीक वनों के मध्य नदी किनारे स्थित महारानी एलिजाबेथ के निजी राजमहल विंडसर पैलेस में होगा। किसी राजनीतिज्ञ को आमंत्रित नहीं किया गया।  साधारण वर्गों के 1000 अतिथि बुलाए गए हैं। लंदन के प्रसिद्ध मैडम तुसाद म्यूजियम में प्रिंस हैरी और उसकी होने वाली पत्नी के मोम के बुत लगाए गए हैं। अमरीका में इस शादी का इतना उत्साह है कि वहां के मैडम तुसाद म्यूजियम में भी दोनों के ऐसे ही बुत लगाए गए हैं। पर्यटकों के आकर्षण के लिए रंग-बिरंगे गिफ्ट पदार्थ बिक रहे हैं। मौसम खूब गर्म है। तरह-तरह की वेशभूषाएं, हैरी और मेघन के चित्रों वाले स्विम-सूट पर्यटकों की खास पसंद बने हुए हैं। 

विंडसर पैलेस के समीपवर्ती इलाकों के होटलों में खूब बुकिंग हो रही है। नव-विवाहित जोड़े का जलूस सजी-धजी 4 घोड़ों वाली सुंदर बग्घी में पैलेस से निकलकर बड़ी-बड़ी सड़कों से गुजरेगा, जिसे देखने के लिए भारी संख्या में लोग सड़कों के दोनों किनारों पर खड़े होंगे। महारानी एलिजाबेथ को कुत्तों की एक खास नस्ल ‘कोर्गी’ से बहुत प्यार है। कुछ मनचलों ने इस नस्ल के कुत्तों को इकट्ठा करके दूल्हा-दुल्हन प्रिंस हैरी और मेघन की बारात निकाली।-कृष्ण भाटिया


 

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!