Edited By jyoti choudhary,Updated: 18 Sep, 2026 04:28 PM

अमेरिका की एक कंपनी Bluevine ने करीब 80 भारतीय कर्मचारियों को महज 5 मिनट में नौकरी से निकाल दिया। सोशल मीडिया पर वायरल इस खबर ने यूजर्स को हैरान कर दिया। कंपनी ने कर्मचारियों के साथ 5 मिनट की गूगल मीट की, जिसके बाद उन्हें तत्काल
नई दिल्लीः अमेरिका की एक कंपनी Bluevine ने करीब 80 भारतीय कर्मचारियों को महज 5 मिनट में नौकरी से निकाल दिया। सोशल मीडिया पर वायरल इस खबर ने यूजर्स को हैरान कर दिया। कंपनी ने कर्मचारियों के साथ 5 मिनट की गूगल मीट की, जिसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निकाल दिया गया। अब कई लोग कंपनी की इस क्रूरता पर कई सवाल उठा रहे हैं।
कर्मचारियों ने सुनाई आपबीती
कर्मचारियों के मुताबिक, उन्हें पहले से किसी औपचारिक नोटिस या आमने-सामने बैठक के जरिए छंटनी की जानकारी नहीं दी गई। जानकारी के मुताबिक, कर्मचारियों को उस दिन ऑफिस आने के बजाय वर्क फ्रॉम होम करने के लिए कहा गया था। शाम करीब 6:30 बजे उनकी शिफ्ट शुरू हुई और कर्मचारी नियमित रूप से अपना काम कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब 9:30 बजे सीनियर मैनेजमेंट की ओर से अचानक एक Google Meet लिंक भेजा गया।
पांच मिनट की कॉल में सुनाया गया फैसला
कर्मचारियों का दावा है कि मीटिंग में उन्हें बताया गया कि भारत की पूरी कस्टमर सर्विस टीम को कंपनी से अलग किया जा रहा है। इसके बाद कॉल समाप्त कर दी गई। कर्मचारियों के अनुसार, उन्हें इस फैसले से पहले किसी विस्तृत चर्चा या व्यक्तिगत बैठक का मौका नहीं मिला। सोशल मीडिया पर एक कर्मचारी द्वारा इस घटना से जुड़ी पोस्ट साझा किए जाने के बाद मामला चर्चा में आया।
कंपनी ने बताई ऑपरेशनल वजह
Bluevine अमेरिका की एक फिनटेक कंपनी है, जो छोटे व्यवसायों के लिए बैंकिंग और वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराती है। कर्मचारियों के मुताबिक, उन्हें बताया गया कि टीम का प्रदर्शन कंपनी की अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं था और इसी आधार पर यह फैसला लिया गया।
हालांकि, कर्मचारियों द्वारा किए गए दावों और कंपनी की ओर से आधिकारिक रूप से कही गई बातों के बीच अंतर हो सकता है। इसलिए छंटनी की पूरी परिस्थितियों, कर्मचारियों की संख्या और कंपनी की आधिकारिक प्रतिक्रिया की स्वतंत्र पुष्टि जरूरी है।