Edited By jyoti choudhary,Updated: 02 Apr, 2018 04:21 PM
चार पहिया वाहन निर्माता कंपनी हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड की मार्च 2018 में कुल बिक्री 8.8 प्रतिशत बढ़कर 60,507 इकाई पर पहुंच गई है। एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी ने 55,614 वाहन बेचे थे।
नई दिल्लीः चार पहिया वाहन निर्माता कंपनी हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड की मार्च 2018 में कुल बिक्री 8.8 प्रतिशत बढ़कर 60,507 इकाई पर पहुंच गई है। एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी ने 55,614 वाहन बेचे थे। कंपनी का निर्यात मार्च महीने में 15.1 प्रतिशत बढ़कर 12,498 इकाई हो गया। मार्च 2017 में हुंदै ने 10,857 वाहनों का निर्यात किया था। वित्त वर्ष 2017-18 में कंपनी की बिक्री 5.2 प्रतिशत बढ़कर 5,36,241 इकाई पर पहुंच गई है।
बजाज की बिक्री
प्रमुख दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी बजाज आटो की कुल बिक्री मार्च महीने में 23 प्रतिशत बढ़कर 3,34,348 इकाई पर पहुंच गई है। एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी ने 2,72,197 वाहन बेचे थे। बजाज आटो ने नियामकीय जानकारी में कहा कि मार्च में उसकी घरेलू बिक्री बढ़कर 2,03,600 इकाई हो गई, जो कि एक साल पहले इसी अवधि में 1,69,279 इकाई थी। घरेलू बिक्री में 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
महिंद्रा एंड महिंद्रा की बिक्री
महिंद्रा एंड महिंद्रा की मार्च महीने में कुल बिक्री 10 प्रतिशत बढ़कर 62,077 इकाई पर पहुंच गई है। पिछले साल इसी महीने कंपनी ने 56,202 वाहनों की बिक्री की थी। कंपनी ने बंबई शेयर बाजार को दी नियामकीय जानकारी में कहा कि मार्च में घरेलू बाजार में उसकी बिक्री 10 प्रतिशत बढ़कर 58,653 इकाई पर पहुंच गई है, जो कि पिछले साल इसी महीने 53,493 इकाई थी। मार्च में कंपनी का निर्यात 26 प्रतिशत बढ़कर3,424 इकाई हो गया है।
अशोका लेलैंड
हिंदुजा समूह की प्रमुख कंपनी अशोका लेलैंड की मार्च में बिक्री 20 प्रतिशत बढ़कर 22,453 इकाई हो गई है। एक साल पहले इस अवधि में कंपनी ने 18,701 वाहन बेचे थे। कंपनी ने जानकारी में कहा कि मार्च में उसकी मध्यम एवं भारी वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 12 प्रतिशत बढ़कर 17,057 इकाई हो गई, जो कि एक साल इसी अवधि में 15,277 इकाई थी। वहीं, कंपनी के हल्के वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 58 प्रतिशत बढ़कर 5,396 इकाई हो गई। मार्च 2017 में उसने 3,424 हल्के वाहन बेचे थे।