Edited By Punjab Kesari,Updated: 25 Sep, 2017 02:29 PM
स्थानीय खुदरा खरीदारी रहने के बावजूद अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रही गिरावट से दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोना ...
नई दिल्लीः स्थानीय खुदरा खरीदारी रहने के बावजूद अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रही गिरावट से दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोना 100 रुपए लुढ़ककर 30,700 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। वहीं, औद्योगिक ग्राहकी आने से चांदी 250 रुपए चमककर 40,750 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव बिकी।
अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में लंदन का सोना हाजिर 5.05 डॉलर की गिरावट में 1,292.30 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा भी 1.7 डॉलर लुढ़ककर 1,295.80 डॉलर प्रति औंस बोला गया। चांदी हाजिर भी 0.03 डॉलर की गिरावट में 16.92 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, उत्तर कोरिया और अमरीका के विवाद में कोई नया मोड़ न आने और दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर के कमजोर पड़ने से विदेशी बाजारों में निवेशकों का रुझान पीली धातु में कम हुआ है।
वैश्विक दबाव में लगातार दूसरे दिन गिरावट में रहता हुआ सोना स्टैंडर्ड 100 रुपए फिसलकर 30,700 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट में 30,550 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी हालांकि 24,700 रुपए पर टिकी रही।