Edited By jyoti choudhary,Updated: 15 Oct, 2026 01:39 PM
भारत का शुद्ध प्रत्यक्ष कर (Net Direct Tax) संग्रह वित्त वर्ष 2026-27 में 14 अक्टूबर तक सालाना आधार पर 13.21% बढ़कर 13.38 लाख करोड़ रुपए हो गया है। आयकर विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान कुल प्रत्यक्ष कर संग्रह में 14.89% की बढ़ोतरी...
नई दिल्लीः भारत का शुद्ध प्रत्यक्ष कर (Net Direct Tax) संग्रह वित्त वर्ष 2026-27 में 14 अक्टूबर तक सालाना आधार पर 13.21% बढ़कर 13.38 लाख करोड़ रुपए हो गया है। आयकर विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान कुल प्रत्यक्ष कर संग्रह में 14.89% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, टैक्स रिफंड में भी तेजी से इजाफा हुआ है।
आंकड़ों के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 तक शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह 13,37,866.98 करोड़ रुपए रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 11,81,786.98 करोड़ रुपए था।
ग्रॉस डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन में 14.89% की बढ़ोतरी
आयकर विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सकल प्रत्यक्ष कर संग्रह (Gross Direct Tax Collection) बढ़कर 16,03,066.12 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछले साल की समान अवधि में 13,95,278.39 करोड़ रुपए था।
वहीं, इस अवधि में टैक्स रिफंड 24.22% बढ़कर 2,65,199.14 करोड़ रुपए हो गया। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 2,13,491.41 करोड़ रुपए था। रिफंड में तेज बढ़ोतरी के कारण सकल कर संग्रह में हुई वृद्धि का कुछ हिस्सा समायोजित हो गया। इसके बावजूद शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह में 13.21% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
कॉरपोरेट टैक्स से मिले करीब ₹6 लाख करोड़
कॉरपोरेट टैक्स संग्रह में भी अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली। 14 अक्टूबर तक शुद्ध कॉरपोरेट टैक्स संग्रह 5,99,062.48 करोड़ रुपए रहा, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 4,96,798.62 करोड़ रुपए था।
वहीं, सकल कॉरपोरेट टैक्स संग्रह बढ़कर 7,52,961.56 करोड़ रुपए हो गया, जो एक साल पहले 6,43,721.45 करोड़ रुपए था।
कॉरपोरेट टैक्स रिफंड भी बढ़कर 1,53,899.08 करोड़ रुपए हो गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 1,46,922.83 करोड़ रुपए था।
नॉन-कॉरपोरेट टैक्स कलेक्शन भी बढ़ा
गैर-कॉरपोरेट टैक्स (Non-Corporate Tax) के शुद्ध संग्रह में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसमें व्यक्तियों, हिंदू अविभाजित परिवारों (HUF), फर्मों और अन्य संस्थाओं की ओर से जमा किए जाने वाले कर शामिल हैं।
आंकड़ों के अनुसार, शुद्ध गैर-कॉरपोरेट टैक्स संग्रह बढ़कर 6,91,965.71 करोड़ रुपए हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 6,53,804.16 करोड़ रुपए था। वहीं, सकल गैर-कॉरपोरेट टैक्स संग्रह 8,03,245.26 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले साल की समान अवधि के 7,20,353.91 करोड़ रुपए से अधिक है।
इस श्रेणी में टैक्स रिफंड में भी तेज उछाल आया। गैर-कॉरपोरेट टैक्स रिफंड बढ़कर 1,11,279.55 करोड़ रुपए हो गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 66,549.75 करोड़ रुपए था।
सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स में भी उछाल
शेयर बाजार में सिक्योरिटीज के लेनदेन पर लगने वाले सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) के संग्रह में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। आंकड़ों के मुताबिक, STT संग्रह बढ़कर 46,840.43 करोड़ रुपए हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 30,901.81 करोड़ रुपए था।