Edited By jyoti choudhary,Updated: 06 May, 2018 06:07 PM
श्रम मंत्रालय वित्त वर्ष 2017-18 के लिए भविष्य निधि (पीएफ) पर देय ब्याज की दर 8.55 फीसदी इसी सप्ताह नोटिफाई कर सकता है। इससे कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ई.पी.एफ.ओ.) द्वारा अपने लगभग 5 करोड़ अंशधारकों के खातों में रिटर्न डालने का मार्ग प्रशस्त होगा।
नई दिल्लीः श्रम मंत्रालय वित्त वर्ष 2017-18 के लिए भविष्य निधि (पीएफ) पर देय ब्याज की दर 8.55 फीसदी इसी सप्ताह नोटिफाई कर सकता है। इससे कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ई.पी.एफ.ओ.) द्वारा अपने लगभग 5 करोड़ अंशधारकों के खातों में रिटर्न डालने का मार्ग प्रशस्त होगा।
वित्त मंत्रालय बीते वित्त वर्ष के लिए ई.पी.एफ. पर 8.55 फीसदी की ब्याज दर की पुष्टि कर चुका है। यह बीते 5 साल में पीएफ पर सबसे कम दर होगी। सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘कर्नाटक में चुनावों के कारण आचार संहिता को देखते हुए श्रम मंत्रालय ने ब्याज दर अधिसूचित करने के लिए निर्वाचन आयोग से मंजूरी मांगी है ताकि ब्याज राशि अंशधारकों के खातों में डाली जा सके।’
सूत्र ने कहा, ‘ई.पी.एफ.ओ. के अंशधारकों को 8.55 फीसदी ब्याज दर उपलब्ध कराने की मंजूरी इस सप्ताह कभी भी मिल सकती है।’ उल्लेखनीय है कि ई.पी.एफ.ओ. का केंद्रीय न्यासी बोर्ड ब्याज दर के बारे में अपनी सिफारिश वित्त मंत्रालय को भेजता है। मंत्रालय की मंजूरी के बाद इसे अधिसूचित किया जाता है और ब्याज राशि खाताधारकों के खातों में डाली जाती है।
पांच साल में सबसे कम दरें
वित्त वर्ष ब्याज दरें
2013-14 8.75
2014-15 8.75
2015-16 8.80
2016-17 8.65
2017-18 8.55