Edited By ,Updated: 24 Sep, 2016 03:17 PM
भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अरुण गोयल को वस्तु एवं सेवाकर (जी.एस.टी.) परिषद में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
नई दिल्ली: भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अरुण गोयल को वस्तु एवं सेवाकर (जी.एस.टी.) परिषद में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है। वित्त मंत्री अरुण जेतली इस परिषद के अध्यक्ष हैं। परिषद ही जी.एस.टी. की दर तय करेगी और जी.एस.टी. से छूट प्राप्त वस्तुओं के बारे में भी फैसला जी.एस.टी. परिषद ही करेगी।
मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने जी.एस.टी. परिषद में अतिरिक्त सचिव के पद पर गोयल की नियुक्ति को मंजूरी दी है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा जारी एक आदेश में यह जानकारी दी गई है। गोयल, 1985 बैच के संघ शासित प्रदेश कैडर के आई.ए.एस. अधिकारी हैं। वर्तमान में वह मंत्रिमंडल सचिवालय में परियोजना निगरानी समूह में अतिरिक्त सचिव के तौर पर काम कर रहे हैं। केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने हाल ही में सचिव (राजस्व) को जी.एस.टी. परिषद का गैर-कार्यकारी सचिव नियुक्त किया है। इसके साथ ही केन्द्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क बोर्ड के चेयरपर्सन को इसका स्थायी आमंत्रित बनाया गया है।