Edited By jyoti choudhary,Updated: 03 Oct, 2026 04:04 PM

सोना महंगा होने से भारतीय ग्राहकों की खरीदारी करने के तरीके में बदलाव देखने को मिल रहा है। ग्राहकों हल्की ज्वेलरी, कम कैरेट के आभूषण और पुराने सोने के एक्सचेंज को प्राथमिकता दे रहे हैं।
नई दिल्लीः सोना महंगा होने से भारतीय ग्राहकों की खरीदारी करने के तरीके में बदलाव देखने को मिल रहा है। ग्राहकों हल्की ज्वेलरी, कम कैरेट के आभूषण और पुराने सोने के एक्सचेंज को प्राथमिकता दे रहे हैं।
महंगे सोने से बदला ज्वेलरी खरीदने का तरीका
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) के मुताबिक, सोने की कीमतों में तेजी ने ग्राहकों को अपने बजट के अनुरूप खरीदारी करने के लिए प्रेरित किया है। हल्के वजन के आभूषणों की मांग बढ़ी है, जबकि कम कैरेट की ज्वेलरी भी ग्राहकों के लिए एक विकल्प बन रही है। खरीदारी के फैसलों में कीमत के साथ एक्सचेंज ऑफर, डिस्काउंट और भुगतान की सुविधा भी अहम भूमिका निभा रही है।
पुराने सोने से नई ज्वेलरी की ओर रुझान
महंगे सोने के बीच गोल्ड एक्सचेंज बाजार में ग्राहकों के लिए महत्वपूर्ण विकल्प बनकर उभरा है। ग्राहक पुराने आभूषण देकर नई ज्वेलरी खरीद रहे हैं, जिससे उन्हें पूरी रकम नए सिरे से खर्च नहीं करनी पड़ती।
WGC के अनुसार, कुछ ज्वेलर्स के यहां एक्सचेंज के जरिए होने वाली बिक्री में 10 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कुछ मामलों में कुल बिक्री में एक्सचेंज का हिस्सा 70 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
कम वजन, कम कैरेट पर जोर
सोने की कीमत बढ़ने के साथ ग्राहक अब ऐसे डिजाइन तलाश रहे हैं, जिनमें कम सोने का इस्तेमाल हो लेकिन आभूषण का लुक और उपयोगिता बरकरार रहे। यही वजह है कि हल्की और कम कैरेट वाली ज्वेलरी की मांग में तेजी आई है।
दिवाली और शादी के सीजन पर बाजार की नजर
आने वाले दिवाली और शादी के सीजन में सोने की मांग को लेकर बाजार की नजर बनी हुई है। हालांकि, ऊंची कीमतों के कारण ग्राहक बजट के हिसाब से खरीदारी कर सकते हैं। हाल में कीमतों में आई नरमी से उन ग्राहकों के बाजार में लौटने की संभावना है, जिन्होंने महंगे सोने के चलते अपनी खरीदारी टाल दी थी।