प्रमुख आवासीय संपत्तियों की कीमत वृद्धि मामले में मुंबई दुनिया में 8वें स्थान पर: नाइट फ्रैंक

Edited By Updated: 26 Sep, 2026 01:06 PM

mumbai ranks 8th globally in terms of price appreciation of prime residential

प्रमुख आवासीय संपत्तियों की कीमतों में जून तिमाही में सालाना आधार पर 6.2 प्रतिशत की वृद्धि के साथ मुंबई दुनिया के 46 शहरों में आठवें स्थान पर रहा। रियल एस्टेट सलाहकार कंपनी नाइट फ्रैंक इंडिया ने यह कहा। आलोच्य तिमाही में दुनिया में प्रमुख आवासीय

नई दिल्लीः प्रमुख आवासीय संपत्तियों की कीमतों में जून तिमाही में सालाना आधार पर 6.2 प्रतिशत की वृद्धि के साथ मुंबई दुनिया के 46 शहरों में आठवें स्थान पर रहा। रियल एस्टेट सलाहकार कंपनी नाइट फ्रैंक इंडिया ने यह कहा। आलोच्य तिमाही में दुनिया में प्रमुख आवासीय संपत्तियों की कीमतों में सालाना औसतन 2.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई। कुल 46 शहरों में से 32 में सालाना आधार पर आवासीय संपत्तियों की कीमतें बढ़ीं। 

नाइट फ्रैंक इंडिया के अनुसार, बेंगलुरु 4.5 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ 12वें और नयी दिल्ली 3.9 प्रतिशत वृद्धि के साथ 17वें स्थान पर रही। आंकड़ों के अनुसार, तोक्यो 50.7 प्रतिशत की सालाना मूल्य वृद्धि के साथ पहले स्थान पर रहा। इसके बाद क्रमश: मनीला (14.6 प्रतिशत), दुबई (10.9 प्रतिशत), सिंगापुर (9.5 प्रतिशत) और नैरोबी (8.5 प्रतिशत) का स्थान रहा। क्राइस्टचर्च 6.9 प्रतिशत की वृद्धि के साथ छठे और सियोल 6.4 प्रतिशत वृद्धि के साथ सातवें स्थान पर रहा। वियना 5.9 प्रतिशत वृद्धि के साथ नौवें और सैन फ्रांसिस्को पांच प्रतिशत वृद्धि के साथ 10वें स्थान पर रहा। 

नाइट फ्रैंक इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक शिशिर बैजल ने कहा, ''वैश्विक स्तर पर आवासीय संपत्तियों की कीमतों में अपेक्षाकृत धीमी वृद्धि के बीच मुंबई का शीर्ष 10 प्रमुख आवासीय बाजारों में शामिल होना महत्वपूर्ण है।'' उन्होंने कहा कि शहर में 6.2 प्रतिशत की सालाना वृद्धि प्रमुख आवासीय बाजार में मजबूत मांग को दर्शाती है। इस बाजार में स्थान, गुणवत्ता और अलग तरह की आवासीय पेशकश संपत्तियों के मूल्य को समर्थन दे रही हैं। बैजल ने कहा, ''निवेशकों और खरीदारों के लिए यह दर्शाता है कि मुंबई का प्रमुख आवासीय संपत्ति बाजार दीर्घकालिक संपत्ति सृजन और सीमित आपूर्ति से मजबूती से जुड़ा हुआ है।'' 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!