Edited By jyoti choudhary,Updated: 05 Jul, 2019 02:48 PM
पेट्रोल-डीजल के लिए लोगों को अब ज्यादा पैसे चुकाने पड़ेंगे। निर्मला सीतारमण ने एक रुपया सेस और एक रुपया एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने का ऐलान किया है। इससे लोगों को प्रति लीटर ज्यादा पैसे चुकाने होंगे।
बिजनेस डेस्कः पेट्रोल-डीजल के लिए लोगों को अब ज्यादा पैसे चुकाने पड़ेंगे। निर्मला सीतारमण ने एक रुपया सेस और एक रुपया एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने का ऐलान किया है। इससे लोगों को प्रति लीटर ज्यादा पैसे चुकाने होंगे।
इनके लिए देना होगा पैसा
पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी, रोड-इन्फ्रास्ट्रक्चर सेस 2-2 रुपए प्रति लीटर बढ़ाया जाएगा। अब शनिवार से लोगों को दो रुपए प्रति लीटर अतिरिक्त खर्च करना होगा।
पेट्रोल पर इतनी है एक्साइज ड्यूटी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज पेट्रोल की कीमत 70.51 रुपए प्रति लीटर रही। इसमें 17.98 रुपए उत्पाद शुल्क, 14.98 रुपए वैट और 3.54 रुपए डीलर का कमीशन है। दिल्ली में अब एक्साइज ड्यूटी 17.98 रुपए से बढ़कर 18.98 रुपए हो जाएगी। इसके अलावा देश के कई राज्यों व शहरों में स्थित नगर निगम भी अपनी तरफ से सेस लगाते हैं, जिससे इसकी असल कीमत में और इजाफा होने की उम्मीद है।
डीजल पर इतना पैसा एक्साइज के तौर पर
दिल्ली में डीजल आज 64.33 रुपए प्रति लीटर बिका। इसमें 13.83 रुपए उत्पाद शुल्क है। दिल्ली में लोगों को 38.20 रुपए प्रति लीटर बेस प्राइस लगता है। यह डीलर को 38.48 रुपए में मिलता है। फिर इसमें 13.83 रुपए की एक्साइज ड्यूटी, 2.49 रुपए डीलर कमीशन, वैट 9.47 रुपए लगता है। इस हिसाब से लोग 64.27 रुपए चुका रहे हैं। वहीं अब इसमें एक रुपए प्रति लीटर के अतिरिक्त राज्यों और नगर निगम द्वारा लिए जाने वाले सेस के तौर पर पैसा देना होगा।
महंगा होगा सोना
सरकार ने सोने और अन्य बहुमूल्य धातुओं पर आयात शुल्क 10 से बढ़ाकर 12.5 प्रतिशत करने का प्रस्ताव किया है। इससे घरेलू बाजार में सोना और आभूषण महंगे होंगे। सरकार ने यह प्रस्ताव ऐसे समय किया है जबकि घरेलू आभूषण उद्योग आयात शुल्क में कटौती की मांग कर रहा था।
वित्त वर्ष 2018-19 में मूल्य के हिसाब से सोने का आयात तीन प्रतिशत घटकर 32.8 अरब डॉलर रह गया। सोने के आयात में गिरावट से चालू खाते के घाटे (कैड) पर अंकुश रखने में मदद मिलती है। वित्त वर्ष 2017-18 में बहुमूल्य धातुओं का कुल आया 33.7 अरब डॉलर रहा था। 2016-17 मं यह 27.5 अरब डॉलर और 2015-16 में 31.8 अरब डॉलर था। मात्रा के लिहाज से देखा जाए तो देश ने बीते वित्त वर्ष में 982 टन सोने का आयात किया।