Edited By jyoti choudhary,Updated: 01 Jun, 2026 12:34 PM

जून महीने की शुरुआत में शेयर बाजार में शानदार तेजी रही। भारतीय शेयर बाजार में पिछले सत्र की भारी गिरावट के बाद सोमवार को शानदार रिकवरी देखने को मिली है। सोमवार के कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 592 अंकों की बढ़त के साथ 75,367.93 पर और निफ्टी 186 अंक...
बिजनेस डेस्कः जून महीने की शुरुआत में शेयर बाजार में शानदार तेजी रही। भारतीय शेयर बाजार में पिछले सत्र की भारी गिरावट के बाद सोमवार को शानदार रिकवरी देखने को मिली है। सोमवार के कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 592 अंकों की बढ़त के साथ 75,367.93 पर और निफ्टी 186 अंक चढ़कर 23,733.70 के स्तर पर पहुंच गया। कुछ ही मिनटों में निवेशकों ने 3.15 लाख करोड़ रुपए की कमा लिए। हालांकि बाद में बाजार लाल निशान पर कारोबार करता दिखा।
सेंसेक्स पर इंडिगो के शेयर सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज करने वाले शेयरों में शामिल रहे। इंडिगो के शेयरों में 4.5% से ज्यादा का उछाल आया। आईटी सेक्टर सबसे अधिक बढ़त (2% से ज्यादा) दर्ज करने वाला सेक्टर रहा, जिसमें इंफोसिस, एचसीएल टेक, टीसीएस और टेक महिंद्रा जैसे शेयरों में तेजी रही।
दूसरी ओर, एनटीपीसी और कोटक महिंद्रा बैंक और एक्सिस बैंक के शेयरों में लगभग 1% की गिरावट देखी गई।
ग्लोबल संकेत और तेल की कीमतें
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच समझौते को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। ब्रेंट क्रूड लगभग 93 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है, जिसके कारण बाजार में कोई बड़ा सकारात्मक ट्रिगर फिलहाल मौजूद नहीं है।
रुपया और विदेशी निवेश
भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.97 पर स्थिर खुला है। हालांकि, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) की ओर से लगातार बिकवाली का दबाव बना हुआ है। विशेष रूप से, पिछले शुक्रवार को विदेशी निवेशकों ने 21,105.86 करोड़ रुपए के शेयर बेचे, जो मई महीने की अब तक की सबसे बड़ी बिकवाली है।
बाजार में इस उतार-चढ़ाव के बीच 'इंडिया VIX' में 3% से ज्यादा की गिरावट आई है, जो बाजार में अस्थिरता के कम होने का संकेत है।