Edited By ,Updated: 29 Oct, 2016 05:57 PM
सस्ती विमान सेवा देने वाली कंपनी स्पाइसजेट ने मेंगलूरू-दुबई मार्ग पर अपनी नई दैनिक उड़ान सेवा शुरू करने की घोषणा की है। यह विमान सेवा कल से शुरू हो सकती है।
मेंगलूरूः सस्ती विमान सेवा देने वाली कंपनी स्पाइसजेट ने मेंगलूरू-दुबई मार्ग पर अपनी नई दैनिक उड़ान सेवा शुरू करने की घोषणा की है। यह विमान सेवा कल से शुरू हो सकती है। इसके लिए 6,013 रुपए का किराया रखा गया है। एयरलाइंस कल से मेंगलूरू-दुबई के बीच दैनिक सीधी उड़ान एसजी59 शुरू करेगी जो कि दोपहर 12.20 बजे उड़ान भरेगी। एयरलाइंस की दूसरी उड़ान एसजी60 मेंगलूरू से दुबई के लिए 5 दिन 12.55 बजे उड़ेगी।
एयरलाइंस से जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है। सोमवार और शनिवार को यह उड़ान प्रात: 3.40 बजे उड़ान भरेगी। एयरलाइन इस सेवा में अपने बोइंग 737 को लगाएगी। स्पाइसजेट के 6 अंतर्राष्ट्रीय उड़ान स्थलों में दुबई भी एक है। इस नई उड़ान की शुरूआत के साथ ही अब अहमदाबाद, अमृतसर, जयपुर, कोच्चि, पुणे और मेंगलूरू सहित 10 भारतीय शहरों से दुबई के लिए स्पाइसजेट की लगातार उड़ान होने लगेगी।
स्पाइसजेट की वरिष्ठ उपाध्यक्ष (वाणिज्यिक) शिल्पा भाटिया ने विज्ञप्ति में कहा है कि कर्नाटक का बंदरगाह शहर होने के साथ-साथ मेंगलूरू में व्यावसायिक आवागमन की बेहतर संभावनाएं हैं। दुबई के लिए एयरलाइंस की नई उड़ान शुरू होने से आर्थिक गतिविधियों को और बढ़ावा मिलेगा। कर्नाटक का मुख्य बंदरगाह शहर होने के साथ साथ मेंगलूरू कारोबारी गतिविधियों का सबसे अनुकूल स्थान भी है और वर्तमान में इसे ‘स्मार्ट सिटी’ के तौर पर भी विकसित किया जा रहा है।