Edited By jyoti choudhary,Updated: 01 Oct, 2026 04:55 PM

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने के बाद शिवम एग्रो और टीसीएफ चॉकलेट्स एंड गिफ्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिए हैं। एफएसएसएआई ने सोशल मीडिया
नई दिल्लीः भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने के बाद शिवम एग्रो और टीसीएफ चॉकलेट्स एंड गिफ्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिए हैं। एफएसएसएआई ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि निरीक्षण के दौरान गंभीर खाद्य सुरक्षा उल्लंघन पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
दोनों कंपनियों को लाइसेंस निलंबन की अवधि में खाद्य कारोबार से जुड़ी सभी गतिविधियां बंद करने का निर्देश दिया गया है। टीसीएफ चॉकलेट्स एंड गिफ्ट्स के मामले में एफएसएसएआई को ई-कॉमर्स मंच से मंगाए गए खाद्य उत्पाद को लेकर उपभोक्ता की शिकायत मिली थी।
निरीक्षण में पाई गई कई कमियां
निरीक्षण के दौरान परिसर में साफ-सफाई और स्वच्छता की खराब स्थिति, उचित सफाई का अभाव, कचरे का गलत निपटान और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रों का खराब रखरखाव पाया गया। इसके अलावा, कंपनी में कीट नियंत्रण की उचित व्यवस्था नहीं थी और कीटों का प्रकोप पाया गया। निरीक्षण के दौरान बिल्ली का मल और खुले नाले भी पाए गए।
परिसर में मियाद अवधि समाप्त हो चुके खाद्य रंग और फ्लेवर मिले तथा सफाई में इस्तेमाल होने वाले रसायन कच्चे माल और खाद्य सामग्री के पास रखे थे। शिवम एग्रो के निरीक्षण में भी गंभीर स्वच्छता संबंधी कमियां मिलीं। इनमें मक्खियां, कचरा, जमा हुआ सीवेज का पानी, मकड़ी के जाले और छत की अपर्याप्त सफाई शामिल है।
निरीक्षण में अप्रभावी कीट नियंत्रण, अनुचित भंडारण व्यवस्था, खराब उपकरण, गैर-कार्यशील प्रयोगशाला और लेबल संबंधी खामियां भी पाई गईं। एफएसएसएआई ने कहा कि पिछले छह महीनों में उसने उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए खाद्य कारोबार संचालकों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई तेज की है। प्राधिकरण सोशल मीडिया मंच के जरिये इन कार्रवाइयों की जानकारी भी आम लोगों को दे रहा है।