नौकरियों के आवेदनों में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ी, नियोक्ताओं की पहुंच पीछे

Edited By Updated: 21 Sep, 2026 03:15 PM

women s share in job applications rises but employer outreach lags report

'फ्रंटलाइन' नौकरियों के लिए आने वाले आवेदन में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़कर 43.5 प्रतिशत हो गई है लेकिन केवल 13 प्रतिशत नौकरी विज्ञापनों में ही स्पष्ट रूप से महिलाओं को लक्षित किया गया है। एक रिपोर्ट में सोमवार को यह जानकारी दी गई। फ्रंटलाइन नौकरियों...

मुंबईः 'फ्रंटलाइन' नौकरियों के लिए आने वाले आवेदन में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़कर 43.5 प्रतिशत हो गई है लेकिन केवल 13 प्रतिशत नौकरी विज्ञापनों में ही स्पष्ट रूप से महिलाओं को लक्षित किया गया है। एक रिपोर्ट में सोमवार को यह जानकारी दी गई। फ्रंटलाइन नौकरियों का मतलब ऐसे रोजगार से है जिनमें कर्मचारी सीधे लोगों, ग्राहकों या रोजमर्रा के कारोबारी कामकाज से जुड़े होते हैं। 

ऑनलाइन भर्ती मंच वर्कइंडिया की तरफ से जारी 'रोजगार रिपोर्ट' के मुताबिक, मंच पर महिला आवेदकों की हिस्सेदारी एक साल पहले के 40.4 प्रतिशत से बढ़कर 43.5 प्रतिशत हो गई है। यह रिपोर्ट अप्रैल से जून, 2026 के दौरान 772 शहरों और 50 से अधिक फ्रंटलाइन नौकरी श्रेणियों में 6.5 लाख से अधिक नौकरी के विज्ञापनों और 98 लाख से अधिक नौकरी के आवेदनों के विश्लेषण पर आधारित है। 

वर्कइंडिया के सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नीलेश डूंगरवाल ने कहा, ''अधिक महिलाओं का रोजगार की तलाश करना उत्साहजनक है, लेकिन नियोक्ताओं की मांग को अभी और आगे बढ़ने की जरूरत है।'' डूंगरवाल ने कहा कि पहुंच, काम में लचीलापन, सुरक्षा और कार्यस्थल की व्यवस्था से जुड़ी बाधाओं को दूर करने से कंपनियों को महिलाओं, पहली बार काम तलाश रहे लोगों और गैर-महानगरीय उम्मीदवारों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। रिपोर्ट कहती है कि महिलाओं के आवेदनों में वृद्धि नौकरी की कई श्रेणियों में हुई है। बिक्री क्षेत्र में सबसे अधिक 56 लाख से अधिक आवेदन मिले। इसके बाद कार्यालय आधारित भूमिकाओं तथा यात्रा एवं आतिथ्य क्षेत्र का स्थान रहा। 

ब्यूटीशियन पदों के लिए आवेदनों में महिलाओं की हिस्सेदारी 86.6 प्रतिशत और शिक्षण पदों के लिए 80.7 प्रतिशत रही। वहीं, महिलाएं बिक्री, कार्यालय, विपणन और ग्राहक सेवा से जुड़ी अन्य फ्रंटलाइन नौकरियों में भी बढ़ती रुचि दिखा रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, जून-जुलाई के दौरान नौकरी आवेदनों में सालाना आधार पर 65 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि नौकरी विज्ञापनों में 40-48 प्रतिशत की वृद्धि हुई। रिपोर्ट में कहा गया है कि सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), मानव संसाधन, लेखा, बिक्री और कार्यालय आधारित भूमिकाओं में प्रतिस्पर्धा अधिक है, जबकि डिलिवरी, ड्राइविंग और विनिर्माण क्षेत्र में आवेदन तुलनात्मक रूप से कम हैं। 

रिपोर्ट के अनुसार, 92 प्रतिशत फ्रंटलाइन नौकरी विज्ञापनों में अंग्रेजी की जरूरत नहीं थी या केवल बुनियादी स्तर की बातचीत वाली अंग्रेजी जानने की अपेक्षा थी। यह रोजगार के अवसरों को व्यापक आबादी तक पहुंचाने में हिंदी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं की अहमियत को दर्शाता है। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!