Edited By pooja verma,Updated: 24 Aug, 2018 11:35 AM
वीरवार को हुई महज दो घंटे की जोरदार बारिश ने शहर के कुछ सैक्टर्स को लबालब कर दिया।
चंडीगढ़ (रोहिला): वीरवार को हुई महज दो घंटे की जोरदार बारिश ने शहर के कुछ सैक्टर्स को लबालब कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार चंडीगढ़ में 45.7 एम.एम बारिश दर्ज की गई। सैक्टर-38 और सैक्टर-22 के घरों में पानी भर गया। सीवरेज भी ओवरफ्लो हो गए। सुबह 10.30 बजे शुरू हुई बारिश 11.45 बजे तक जारी रही।
भारी बारिश से सड़कों पर पानी भर गया और कई जगह लंबा जाम लग गया। भारी बारिश के बावजूद लोगों को गर्मी और उसम से राहत नहीं मिल सकी। हवा में नमी की मात्रा 75 से 85 प्रतिशत रही। वीरवार को शहर का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री नीचे था।
न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों में भी रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। इस सीजन अगस्त में अभी तक कुल 214.4 एम.एम बारिश दर्ज की जा चुकी है।
इस सीजन औसत से 35.5 कम हुई बारिश
इस मानसून सीजन में अभी तक कुल 609.1 एम.एम बारिश हुई है और यह औसत से 35.5 एम.एम. कम है। अभी तक 644.6 एम.एम. बारिश होनी चाहिए थी लेकिन हुई 609.1 एम.एम. बारिश है।