Edited By pooja verma,Updated: 12 Sep, 2018 11:05 AM
सैक्टर-11 में एक युवक के कंधे पर गोली लगने के मामले में पुलिस ने उसके दोस्त के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज की है।
पंचकूला (चंदन): सैक्टर-11 में एक युवक के कंधे पर गोली लगने के मामले में पुलिस ने उसके दोस्त के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज की है। गोली उसके दोस्त से गलती से चली है। पी.जी.आई. में उपचाराधीन विकास निवासी सैक्टर-28 चंडीगढ़ के कंधे से गोली निकाल दी गई है। इसके बाद उसने पुलिस को बयान दिए।
उसने बताया कि वह बिजनैस करता है और शनिवार को वह अपनी गाड़ी में दोस्त दीपांशु और मोंटी के साथ दोस्त रोहित के घर रात करीब साढ़े आठ बजे सैक्टर-11 पहुंचे थे। वहां से वे रोहित के साथ बैकयार्ड कैफे सैक्टर-11 पहुंचे। वहां पर उन्होंने पार्टी की और वहां से करीब रात 12 बजे रोहित के घर के नीचे गए। रोहित अपने घर से पैसे लेने ऊपर गया और दो मिनट में नीचे आ गया।
रोहित गाड़ी के पास आया जिसके बाद सभी गाड़ी में बैठ गए और रोहित ने अपनी पिस्टल से हवाई फायर किया। फायर करने के बाद वह गाड़ी में बैठ गया और तीनों खाना खाने चले गए। रोहित ने पीछे से फायर कर दिया जो गोली विकास के पीछे कंधे में लग गई। इस दौरान उसका किसी प्रकार का झगड़ा नहीं हुआ था। गोली रोहित से अचानक इत्तेफाक से चली थी।
विकास के दोस्त मोंटी व रोहित उसे सैक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल ले गए और उसके बाद रोहित गाड़ी लेकर चला गया था। विकास के परिजन अस्पताल पहंचे, तब तक उसे पी.जी.आई. रैफर कर दिया था। पुलिस ने विकास के दोस्त रोहित के खिलाफ आम्र्स एक्ट व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।