Edited By ashwani,Updated: 25 Sep, 2020 01:50 AM
तेज रफ्तार ब्रीजा कार चालक महिला ने अरोमा लाइट प्वाइंट पर एक्टिवा सवार डॉक्टर को टक्कर मार दी। पुलिस ने घायल डॉक्टर को जी.एम.एस.एच.-16 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत बताया।
चंडीगढ़, (सुशील राज) : तेज रफ्तार ब्रीजा कार चालक महिला ने अरोमा लाइट प्वाइंट पर एक्टिवा सवार डॉक्टर को टक्कर मार दी। पुलिस ने घायल डॉक्टर को जी.एम.एस.एच.-16 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत बताया। मृतक की पहचान मूल रूप से हिमाचल के ऊना निवासी 26 वर्षीय विशाल कपिला के रूप में हुई है, जो चंडीगढ़ में डैंटल डॉक्टर की ट्रेनिंग ले रहा था। पुलिस ने कांस्टेबल की शिकायत पर कार चालक महिला के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार की गई महिला की पहचान सैक्टर-21 ए निवासी कोमपाल बुधिराज के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार वीरवार सुबह एक्टिवा सवार विशाल सैक्टर-17 बस स्टैंड की तरफ से सैक्टर-22 की तरफ आ रहा था, जबकि ब्रीजा गाड़ी सैक्टर-21 से सैक्टर-22 की तरफ आ रही थी। जैसे ही अरोमा लाइट प्वाइंट के पास पहुंचे तो दोनों की टक्कर हो गई। एक्टिवा सवार लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर गया। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।