Edited By Priyanka rana,Updated: 12 Aug, 2019 11:50 AM
सैक्टर-25 व 26 के डॉ. अंबेदकर चौक पर शनिवार को देर रात शरारती तत्वों ने डॉक्टर भीमराव अम्बेदकर की प्रतिमा कालिख पोत दी।
पंचकूला(आशीष) : सैक्टर-25 व 26 के डॉ. अंबेदकर चौक पर शनिवार को देर रात शरारती तत्वों ने डॉक्टर भीमराव अम्बेदकर की प्रतिमा कालिख पोत दी। जिसे लेकर अम्बेदकर समाज में रोष है। अम्बेदकर समाज के लोग कालिख पोतने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए हैं।
चंडीमंदिर थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। द पंचकूला अम्बदेकर मिशन सोसायटी के सदस्यों का कहना है कि सरकार की नाकामियों के चलते 6 माह में दूसरी घटना है। बाबा साहेब अम्बेदकर संगठन हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष विजय बराड़ व सदस्यों ने घटना की निंदा की और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
पहले भी हो चुकी है प्रतिमा से छेड़छाड़ :
पूर्व विधायक लहरी सिंह ने बताया कि अम्बेदकर चौक पर इससे पहले भी डॉक्टर भीमराव अम्बेदकर की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया था। कुछ शरारती लोगों ने डॉक्टर भीमराव अम्बेदकर का चश्मा तोड़ दिया था। पुलिस प्रतिमा के पास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे को खंगाल रही है। साथ ही उन्होंने चौक पर पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो।