Edited By bhavita joshi,Updated: 15 Feb, 2019 12:31 PM
शहर के लोगों को जल्द फिरोजपुर के लिए एक और ट्रेन मिल जाएगी।
चंडीगढ़(लल्लन): शहर के लोगों को जल्द फिरोजपुर के लिए एक और ट्रेन मिल जाएगी। रेलवे ने लुधियाना से फिरोजपुर के बीच चलने वाली रोजाना ट्रेन (सतलुज एक्सपै्रस) का विस्तार चंडीगढ़ तक करने का फैसला लिया है। यह ट्रेन पूरी तरह अनारक्षित होगी। सांसद किरण खेर ने केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल से आग्रह किया था कि चंडीगढ़ में बेहतर रेल कनैक्टिविटी हो और शहर से फिरोजपुर के लिए एक और ट्रेन शुरू हो।
गोयल ने खेर को भेजे पत्र में स्पष्ट किया है कि रेलवे ने उनके इस आग्रह को स्वीकार करते हुए लुधियाना-फिरोजपुर ट्रेन (14629/14630) को चंडीगढ़ तक एक्सटैंड करने का फैसला ले लिया है और जल्द यह फैसला लागू हो जाएगा।
पहले से चल रही है एक ट्रेन
बता दें कि चंडीगढ़ से फिरोजपुर के लिए पहले से ही एक ट्रेन चल रही है। यह ट्रेन फरवरी 2015 में लोगों की मांग को देखते हुए शुरू की गई थी। यह ट्रेन चंडीगढ़ से फिरोजपुर के लिए शाम को चलती है। लुधियाना-फिरोजपुर के बीच चलने वाली ट्रेन को चंडीगढ़ तक एक्सटैंड करने के बाद शहर के लोगों को लुधियाना, मोगा और फिरोजपुर के लिए सुबह के समय भी ट्रेन मिल जाएगी। अभी जो ट्रेन चंडीगढ़ से फिरोजपुर के लिए चल रही है। यहां से शाम साढ़े चार बजे चलकर फिरोजपुर रात साढ़े नौ बजे पहुंचती है।
वापसी में फिरोजपुर से सुबह सात बजे से चलकर 12.15 पर चंडीगढ़ पहुंचती है। लुधियाना से फिरोजपुर के बीच चलने वाली ट्रेन सुबह 7.10 पर लुधियाना से चलती है और सुबह 9.45 पर फिरोजपुर पहुंचती है। फिरोजपुर से यह ट्रेन शाम 5.40 पर चलती है और रात 8.10 पर लुधियाना पहुंचती है। ट्रेन के चंडीगढ़ तक एक्सटैंड होने के बाद इसका समय क्या होगा यह फिलहाल तय नहीं है। माना जा रहा है कि चंडीगढ़ से फिरोजपुर के लिए यह ट्रेन सुबह चलेगी।
‘चंडीगढ़-लखनऊ ट्रेन जल्द हो सकती है एक्सटैंड’
मौर्य समाज की ओर से चंडीगढ़-लखनऊ ट्रेन को सुल्तानपुर या फैजाबाद तक चलाने के सवाल पर अंबाला मंडल के डी.आर.एम. दिनेश चंद शर्मा का कहना है कि चंडीगढ़-लखनऊ ट्रेन को जल्द एक्सटैंड करने की झंडी मिल सकती हैं। किसी भी नए कार्य को करने में थोड़ा समय लगता है। उम्मीद है कि होली तक इस ट्रेनों को भी आगे तक बढ़ाया जा सकता है।