Edited By Priyanka rana,Updated: 18 Jul, 2019 09:29 AM
ट्राईसिटी सहित कई राज्यों में स्नैचिंग की 70 वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पंचकूला सैक्टर-26 क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया।
पंचकूला(चंदन) : ट्राईसिटी सहित कई राज्यों में स्नैचिंग की 70 वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पंचकूला सैक्टर-26 क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया। क्राइम ब्रांच इंस्पैक्टर अमन कुमार के नेतृत्व में बनाई टीम ने साइबर सैल की मदद से दोनों प्रोफैशनल स्नैचरों को माजरी चौक पर धर-दबोचा।
आरोपियों की पहचान अशोक कुमार (35) निवासी गांव बिरालियान, थाना झिझाना, जिला शामली उत्तर प्रदेश और राजीव कोहली उर्फ राजू (33) निवासी गांव खानपुर कलां, थाना झिझाना, जिला शामली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। दोनों ऐशो-आराम के लिए स्नैङ्क्षचग करते थे। वारदात के बाद घूम-फिर कर आते थे और फिर से वारदात को अंजाम दे देते। पुलिस के मुताबिक यह एक बड़ा गिरोह है, जिसमें कई लोग शामिल हैं।
पंचकूला में दिया था तीन वारदातों को अंजाम :
डी.सी.पी. कमलदीप गोयल ने बताया कि इन दोनों आरोपियों ने 9 जुलाई को मॉर्निंग वॉक पर गए एक शख्स के गले से सोने की चेन झपटी थी। दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर आए थे। सैक्टर-27 निवासी बंसी लाल 7 जुलाई की सुबह साढ़े 6 बजे घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे।
इसी दौरान पीछे से काले रंग की बाइक पर सवार दो लोग उनके गले की सोने की झपटकर फरार हो गए थे। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने बंसीलाल की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के पास से सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद कर ली है। इसके अलावा दोनों आरोपियों ने पंचकूला में दो और स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दिया था।
3 जून को सैक्टर-11 मेंं दोनों आरोपियों ने पानी पीने और पता पूछने के बहाने एक महिला के गले से सोने की चेन झपटी थी। तीसरी वारदात 14 जून को की। सैक्टर-7 से दोनों आरोपी घर के बाहर खड़ी एक महिला की चेन छीनकर फरार हो गए थे।
अमरनाथ घूमने गए थे :
9 जुलाई को दोनों आरोपी पंचकूला में वारदात को अंजाम देने के बाद कार में घूमने के लिए अमरनाथ गए थे। दोनों अमरनाथ से वापस आ रहे थे तो क्राइम ब्रांच की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि स्नैचर डस्टर गाड़ी में आ रहे हैं। वे पंचकूला के रास्ते यमुनानगर होते हुए उत्तर प्रदेश जाने वाले थे। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम ने दोनों को माजरी चौक पर काबू कर लिया।
अशोक 55 वारदात में हो चुका गिरफ्तार :
आरोपी अशोक 70 से अधिक स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दे चुका है। स्नैचिंग की 55 वारदातों मेंं गिरफ्तार हो चुका है। आरोपी पर दिल्ली में 27, चंडीगढ़ में वर्ष 2016 में 9 केस, पंचकूला में वर्ष 2016 में एक, यू.पी. में एक, गुरुग्राम में 10 और मोहाली में स्नैचिंग के 7 केस दर्ज हैं।
दिल्ली और बेंगलूर में भी कर चुके स्नैचिंग :
डी.सी.पी. गोयल ने बताया कि दोनों आरोपी बेहद शातिर हैं और वे चेन्नई तक स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। आरोपी राजीव के खिलाफ दिल्ली में चेन स्नैचिंग के 6 और चेन्नई में तीन केस दर्ज हैं। दोनों आरोपियों ने बेंगलूर में भी चेन स्नैचिंग की थी। पुलिस रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों से और वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।