Edited By Priyanka rana,Updated: 18 Aug, 2019 11:37 AM
ट्रांसफर करने के ऐवज में कॉन्ट्रैक्ट कर्मी से 2500 रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में यू.टी. विजीलैंस ने एम.ओ.एच. डिपार्टमैंट के सैनेटरी इंस्पैक्टर नरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
चंडीगढ़(संदीप) : ट्रांसफर करने के ऐवज में कॉन्ट्रैक्ट कर्मी से 2500 रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में यू.टी. विजीलैंस ने एम.ओ.एच. डिपार्टमैंट के सैनेटरी इंस्पैक्टर नरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसे डिपार्टमैंट में ही कॉन्ट्रैक्ट पर तैनात कर्मी अजय की शिकायत पर ट्रैप लगाकर दबोचा। उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। रिश्वत के आरोपी नरेश का भाई चंडीगढ़ पुलिस से बतौर इंस्पैक्टर रिटायर है।
विजीलैंस को दी शिकायत में अजय ने बताया कि उसकी ड्यूटी एम.ओ.एच. के हॉर्टीकल्चर में है। इससे पहले वह एम.ओ.एच. के सैनेटरी एरिया में सैनेटरी इंस्पैक्टर नरेश की सुपरविजन में काम कर रहा था। अगस्त के शुरू में उसकी ट्रांसफर हॉर्टीकल्चर विंग में कर दी गई थी।
वह निजी कारणों के चलते सैनेटरी एरिया में ट्रांसफर करवाना चाहता था। इसके लिए उसने नरेश से गुजारिश की तो उसने 2500 रुपए की रिश्वत मांगी। अजय ने इसकी शिकायत विजीलैंस को कर दी। विजीलैंस ने सैनेटरी इंस्पैक्टर नरेश को सैक्टर-29 में ट्रैप लगाकर गिरफ्तार कर लिया।