Edited By Priyanka rana,Updated: 31 Aug, 2018 08:56 AM
दिल्ली में रह रहा एक अफगानी नागरिक नाइजीरियन से पंजाब में नशीले पदार्थों की सप्लाई करवाता था।
मोहाली(कुलदीप) : दिल्ली में रह रहा एक अफगानी नागरिक नाइजीरियन से पंजाब में नशीले पदार्थों की सप्लाई करवाता था। इसका खुलासा तब हुआ जब एस.टी.एफ. ने एक नाइजीरियन को एक किलो हैरोइन सहित गिरफ्तार किया। आरोपी का नाम औस्टिन काकैरे है। उसे वीरवार को ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
एस.टी.एफ. के एस.पी. राजिन्द्र सिंह सोहल ने बताया कि सूचना मिली थी कि उक्त नाइजीरियन रेलवे स्टेशन मोहाली साइड से बावा व्हाइट हाऊस मोहाली की ओर आ रहा है। सब-इंस्पैक्टर राम दर्शन शर्मा की अगुवाई में पुलिस पार्टी ने उसे रोक कर तलाशी ली तो उसके कब्जे में से एक किलोग्राम हैरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी औस्टिन काकैरी ने बताया कि वह 4 मार्च 2017 को टूरिस्ट वीजे पर इंडिया आया था और वह दिल्ली में किराए के मकान में रहने लगा। वह एक सैलून में काम करने लगा।
दिल्ली में अफगानी नागरिक से हुई थी मुलाकात :
आरोपी ने बताया कि तीन महीने पहले उसे दिल्ली में एक अफगानी नागरिक मिला था जो दिल्ली में ही रहता है और हैरोइन का मेन सप्लायर है। उस अफगानी ने उसे अधिक पैसे कमाने का लालच देकर हैरोइन सप्लाई करने के काम पर लगा लिया। औस्टिन उससे 800 रुपए प्रति ग्राम के हिसाब से हैरोइन खरीदकर पंजाब में डेढ़ हजार से दो हजार रुपए में बेचता था।