Edited By Priyanka rana,Updated: 20 Oct, 2019 11:28 AM
विधानसभा चुनाव के लिए जिले की दोनों विधानसभाओं की 410 पोलिंग पार्टियां 20 अक्तूबर को चुनावी सामग्री लेकर रवाना होंगी।
पंचकूला(मुकेश) : विधानसभा चुनाव के लिए जिले की दोनों विधानसभाओं की 410 पोलिंग पार्टियां 20 अक्तूबर को चुनावी सामग्री लेकर रवाना होंगी। जिला प्रशासन ने जिसे लेकर सभी प्रकार की तैयारियां कर ली हैं। 21 अक्तूबर को सुबह 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि कालका विधानसभा क्षेत्र की पोलिंग पार्टियां महिला राजकीय महाविद्यालय सैक्टर-14 व पंचकूला विधानसभा की पोलिंग पार्टियां राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सैक्टर-1 से रवाना होंगी। डी.सी. ने बताया कि सभी पोलिंग पार्टियां व माइक्रो आब्जर्वर को प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए साधनों में ही मतदान केंद्रों पर पहुंचना है।
410 बूथों पर होगा मतदान :
पंचकूला विधानसभा आम चुनाव-2019 में जिले में इस बार 410 बूथों पर कुल 386138 मतदाता अपने मत का इस्तेमाल करेंगे। उपायुक्त एवं जिला निवार्चन अधिकारी मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि जिले में 204257 पुरुष मतदाता हैं जबकि 181844 महिला मतदाता हैं। थर्ड जैंडर 18 वोटर हैं तथा एन.आर.आई. मतदाता 19 है।
कालका विधानसभा क्षेत्र में कुल 176365 मतदाता हैं जिनमें से 93128 पुरुष, 83237 महिला व 12 थर्ड जैंडर मतदाता और 3 एन.आर.आई. मतदाता हैं। पंचकूला विधानसभा क्षेत्र में कुल 209773 मतदाता हैं जिनमें 181116 पुरुष व 163998 महिला तथा 6 थर्ड जैंडर के साथ 16 एन.आर.आई. मतदाता है। पंचकूला जिला में कल 2080 दिव्यांग मतदाता हैं जिनमें से कालका विधानसभा क्षेत्र के 965 कालका 1115 पंचकूला में हैं।
प्रबंधों का लिया जायजा :
21 अक्तूबर को विधानसभा चुनाव के प्रबंधों का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने सभी संबंधित स्थानों का दौरा किया।
उपायुक्त ने 24 अक्तूबर को होने वाली मतगणना के लिए किए जा रहे प्रबंधों की जानकारी के लिए 01-कालका के सैक्टर-14 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में स्थापित मतगणना केन्द्र तथा 02-पंचकूला विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के लिए सैक्टर-1 राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्थापित केन्द्र पर जाकर संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों से किए जा रहे प्रबंधों तथा चुनावी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी ली।