Edited By Punjab Kesari,Updated: 13 Aug, 2017 08:26 AM
देश के कई हिस्सों में महिलाओं की चोटी काटने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
पंचकूला (चंदन): देश के कई हिस्सों में महिलाओं की चोटी काटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसी ही बाल काटने की घटना पंचकूला के गांव अभयपुर में भी घटी है। जानकारी के मुताबिक रोशनी (19) रोजाना की तरह अपने परिवार के साथ घर की छत पर सो रही थी। अचानक उसे आधी रात को करीब 2 बजे घबराहट हुई और उसने अपने मंगेतर सागर को उठाया तो उसने देखा कि रोशनी के सिर के बाल कटे मिले। रोशनी की तबीयत बिगडऩे लगी और वह बेसुध हो गई। परिजन उसे झाड़ा लगवाने के लिए मनीमाजरा के शीतला माता मंदिर में ले गए लेकिन यहां भी उसकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उसे सैक्टर-6 के सिविल अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टर्स ने परिजनों से कहा कि इसे कोई बीमारी नहीं है, बल्कि यह मानसिक तनाव की शिकार है। आप इसे घर ले जाओ। सागर ने बताया कि रोशनी इस हादसे के बाद सहमी हुई है। सिर में भारी दर्द और गले में घुटन महसूस कर रही है। इस कारण वह कुछ भी खा-पी नहीं रही है। घटना का पता चलते ही लोगों की भीड़ जुट गई। अभी तक इस प्रकरण पर प्रशासनिक तौर पर भी कोई बयान नहीं आया है।