Edited By Priyanka rana,Updated: 18 Jul, 2019 11:33 AM
20 हजार रिश्वत मामले में सी.बी.आई. द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी पंजाब के असिस्टैंट ट्रांसपोर्ट आफिसर सैक्टर-23 निवासी भूपिंदर सिंह छिन्ना को अदालत से जमानत मिल गई है।
चंडीगढ़(संदीप) : 20 हजार रिश्वत मामले में सी.बी.आई. द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी पंजाब के असिस्टैंट ट्रांसपोर्ट आफिसर सैक्टर-23 निवासी भूपिंदर सिंह छिन्ना को अदालत से जमानत मिल गई है। अदालत ने 1 लाख के बेल बांड पर भूपिंदर को जमानत दिए जाने के आदेश दिए हैं। भूपिंदर की तरफ से अदालत में दायर जमानत याचिका में कहा गया था कि उसे जेल में 1 महीने से ज्यादा समय हो गया।
इसके साथ ही सी.बी.आई. की जांच भी पूरी हो चुकी है। उससे रिकवरी भी कर ली गई है। इसलिए उसे अब जमानत का लाभ दिया जाना चाहिए। अदालत ने इसे मंजूर कर लिया है। गौरतलब है कि 18 जून को सी.बी.आई. ने 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए असिस्टैंट ट्रांसपोर्ट आफिसर भूपिंदर सिंह को सैक्टर-23 स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया था।
25 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी :
आरोप के मुताबिक भूपिंदर सिंह ने ट्रक चालक का चालान करने के बाद गाड़ी के कागज जब्त कर अपने पास रख लिए थे। इन कागजों को लौटाने के बदले 25 हजार रिश्वत मांगी जा रही थी। सी.बी.आई. ने राजस्थान के रहने वाले ट्रक कंडक्टर पूनम चंद के बयानों पर भूपिंदर सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया था।