Edited By Priyanka rana,Updated: 08 Dec, 2018 08:34 AM
सैक्टर-8 में अपना आई.टी. का आफिस चलाने वाले गुरजोत सिंह ने सैक्टर-3 थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि शाम के समय 2 युवक उसकी ऑडी कार उससे जबरन लेकर चले गए हैं।
चंडीगढ़(संदीप) : सैक्टर-8 में अपना आई.टी. का आफिस चलाने वाले गुरजोत सिंह ने सैक्टर-3 थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि शाम के समय 2 युवक उसकी ऑडी कार उससे जबरन लेकर चले गए हैं। थाना पुलिस ने गुरजोत की शिकायत पर जांच करते हुए कार की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गुरजोत ने कहा की उनकी कार में उनका लैपटाप और 50 हजार रुपए भी थे। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम को पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना चली कि सैक्टर-8 में 2 युवक एक व्यक्ति की ऑडी कार जबरन छीनकर ले गए हैं। सूचना पाते ही सैक्टर-3 थाना प्रभारी नीरज सरना मौके पर पहुंचे।
फोन पर युवकों ने दी धमकी :
अंबाला के गुरजोत सिंह ने उन्हें बताया कि वह सैक्टर-8 में अपनी निजी आई.टी. साल्यूशन कंपनी चलाते हैं। शाम को वह अपने आफिस में मौजूद थे। इसी समय अचानक से 2 युवक आए। कुछ समय तक उनके आफिस में रूकने के बाद वे दोनों वहां से चले गए।
इतने में उन्हें पता चला कि दोनों उनकी ऑडी कार लेकर चले गए हैं। उन्हें फोन करने पर दोनों ने उसे धमकी देना शुरू कर दिया और कहा कि जो करना है कर लो। कार वापस नहीं मिलेगी। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी।
पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता ने बताया कि उनका उन दोनों युवकों से कुछ समय पहले विवाद हो गया था। जिसके चलते ही उन्होंने ऐसा किया। वह दोनों युवक अंबाला में ही रहते हैं। वही केस की जांच के तहत ही पुलिस कार की तलाश में अम्बाला रवाना हुई और दोनों युवको के मोबाइल नंबर को लेकर भी पुलिस जांच में जुट गई है।