Edited By Punjab Kesari,Updated: 24 May, 2018 07:41 PM
कमीशन कम करने के चलते शहर भर में उबर कंपनी के खिलाफ कैब चालकों का प्रदर्शन जारी है।
चंडीगढ़ (राजिंद्र): कमीशन कम करने के चलते शहर भर में उबर कंपनी के खिलाफ कैब चालकों का प्रदर्शन जारी है। वीरवार को भी कैब चालकों ने अपना काम बंद रखा था और अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन किया। कैब चालक सैक्टर-17, 43 बस स्टैंड और इंडस्ट्रियल एरिया, एलांते मॉल के पास इकट्ठे हुए। इस दौरान उन्होंने उबर कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
यूनियन के प्रधान भूपिंद्र सिंह ने कहा कि उबर ने ग्राहकों को लुभाने के लिए 15 प्रतिशत किराया कम करके उनके कमीशन में कमी कर दी है, जिससे कि उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पैट्रोल-डीजल के दामों में लगातार वृद्धि हो रही है लेकिन कंपनी द्वारा उल्टा किराया कम करके उनका काम बंद करवाने पर तुली हुई है। उनके सभी इंसेंटिव भी खत्म कर दिए हैं।
उन्होंने बताया कि पहले अगर वह 100 रुपए का काम करते थे, तो उसमें से 75 रुपए खाते में आते थे। लेकिन अब इस डिस्काउंट की वजह से उनके खाते में 60 रुपए आ रहे हैं। वह सिर्फ 30 पैसे प्रति किलोमीटर की कमाई कर रहे हैं। शहर में सिर्फ तीन जगह सी.एन.जी. पंप हैं।
ऐसे में उन्हें सी.एन.जी. के लिए इन्हीं पर निर्भर है। वीरवार को इंडस्ट्रियल एरिया थाना के पुलिस कर्मियों ने उबर कंपनी के अधिकारियों से कैब चालकों की बात करवाने का प्रयास किया है। लेकिन अधिकारियों ने उनसे पल्ला झाड़ लिया और कहा कि यह कैब चालक हमारे साथ काम नहीं करते हैं।