Edited By ashwani,Updated: 01 Nov, 2020 08:06 PM
सैक्टर-17 ओवर ब्रिज ऑफिस स्पेस, निगम ने मांगे एक्सप्रैशन ऑफ इंटरेस्ट
चंडीगढ़,(राजिंद्र शर्मा) : चंडीगढ़ नगर निगम सैक्टर-17 स्थित न्यू ओवरब्रिज के दूसरी और तीसरी मंजिल पर बने ऑफिस स्पेस को बैंक, सरकारी ऑफिस, नैशनल व मल्टीनैशनल कंपनियों को अलॉट करेगा। निगम द्वारा पांच वर्ष के लिए मासिक लाइसैंस फीस पर इनकी अलॉटमैंट की जाएगी। इस संबंध में कंपनियों से दोबारा अवेदन मांगे गए हैं। 27 नवबर तक आवेदन किया जा सकता है। निगम ने ओवरब्रिज के साथ ही यहां 40 बूथों का निर्माण करवाया था, लेकिन कुछ बूथों पर स्मार्ट सिटी ऑफिस बना दिया गया था। इससे पहले भी ऑफिस स्पेस की अलॉटमैंट करने का प्रयास किया गया था, जिसमें निगम असफल रहा था। निगम के एक अधिकारी ने बताया कि वह 75 रुपए प्रति स्क्वेयर फीट मासिक रेंट पर इन बूथों की अलॉटमैंट करेंगे। निगम ने सैकेंड व थर्ड फ्लोर के एरिया के लिए ये आवेदन मांगे हैं।
हालत हुई खस्ता
बूथों के साथ ही इन ऑफिस स्पेस की हालत खस्ता होती जा रही है, क्योंकि ओवरब्रिज के साथ ही इनका निर्माण करवाया गया था और तभी से यह बिना अलॉटमैंट के बंद पड़े हैं। यहां पर लोगों ने कचरा फैंकना शुरू कर दिया है और लोग शौच के लिए भी नीचे बूथों का इस्तेमाल करते रहे, लेकिन निगम ने इनकी संभाल के लिए कोई प्रयास नहीं किया।
वर्ष 2013 में किया था उद्घाटन
नगर निगम ने वर्ष 2013 में ओवरब्रिज का उद्घाटन किया था। इस ब्रिज के नीचे 40 बूथ बनाए गए थे। इस प्रोजैक्ट को 20 करोड़ रुपए की लागत से दो साल में पूरा किया गया था। उस वक्त निगम ने यहां बूथों और ऑफिस स्पेस के निर्माण का फैसला तो ले लिया, लेकिन इस संबंध में कोई पॉलिसी नहीं बनाई गई कि वह इन बूथों और स्पेस का क्या करेगा। यही कारण है कि पिछले काफी समय से निगम इनकी अलॉटमैंट के प्रयास में लगा रहा। कई बार स्थानीय व्यापारी निगम को यहां गंदगी व अतिक्रमण को लेकर शिकायत दे चुके हैं, लेकिन निगम कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।