Edited By Punjab Kesari,Updated: 27 May, 2018 10:09 AM
पी.जी.आई. का गायनी डिपार्टमैंट एक बड़े विवाद में फंस गया।
चंडीगढ़(साजन) : पी.जी.आई. का गायनी डिपार्टमैंट एक बड़े विवाद में फंस गया। विभाग पर आरोप लगा है कि यहां डिलीवरी कराने आई महिला का बच्चा बदल दिया गया। परिजनों का आरोप है कि पहले उन्हें सूचना दी गई थी कि लड़का हुआ है लेकिन बाद में कहा जाने लगा कि लड़की हुई।
परिजनों ने पुलिस को शिकायत कर दी है। पी.जी.आई. पुलिस चौकी में इसकी डी.डी.आर. दर्ज कर ली गई है और मैडीकल सुपरिंटैंडैंट से दाखिल महिला और इसके बच्चे का रिकार्ड मांग लिया गया है। नवजात बच्ची को फिलहाल वेंटीलैटर पर रखा गया है क्योंकि डाक्टरों के मुताबिक उसका वजन महज 800 ग्राम था।
यह है मामला :
पिंजौर की महिला सोनिया का काफी समय से पी.जी.आई. के गायनी विभाग में इलाज चल रहा था। डाक्टरों की सलाह पर सोनिया 15 मई को विभाग में दाखिल हुई। 20 मई को (रात 12.05) उसने एक बच्चे को जन्म दिया। डिलीवरी करने वाली डाक्टर ने बच्चे का वजन किया तो पता चला कि बच्चे का जन्म से ही वजन महज 800 ग्राम है।
स्टाफ ने सोनिया व उनके पति सुमित को लड़का होने की बधाइयां देनी शुरू कर दी। इसी वक्त किसी अन्य महिला को भी बच्चा हुआ। कहा जा रहा है कि उसके लड़का हुआ। सोनिया व उसके परिजनों का आरोप है कि सोनिया के बेटा हुआ लेकिन थोड़ी देर बाद उन्हें बताया जाने लगा कि उन्हें बेटी हुई है।
डाक्टरों ने सोनिया को समझाने की कोशिश की लेकिन स्टाफ ने उनके पति और परिजनों को कहा कि उनके लड़का ही हुआ था जिसे लड़की बताया जाने लगा। दंपती और परिजनों ने फैसला किया कि वह मामले की शिकायत पुलिस को करेंगे। सोनिया के पति सुमित ने 100 नंबर पर कॉल कर ओ.टी. के बाहर पुलिस को बुला लिया।