Edited By bhavita joshi,Updated: 03 Apr, 2019 12:19 PM
हरियाणा विधानसभा में क्लर्क भर्ती करवाने के नाम पर दो लोगों से 12 लाख रुपए ठग लिए।
पंचकूला(चंदन): हरियाणा विधानसभा में क्लर्क भर्ती करवाने के नाम पर दो लोगों से 12 लाख रुपए ठग लिए। आरोपियों में दो हरियाणा पुलिस के कर्मचारी और चार अन्य लोग शामिल हैं। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिला जींद निवासी जोगिन्द्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी मुलाकात गांव नाडा साहिब, सैक्टर-31, पंचकूला निवासी आरोपी जसबीर सिंह से हुई थी। उसने दो लड़कों को हरियाणा विधानसभा में क्लर्क भर्ती करवाने के लिए 12 लाख रुपए लिए थे। इसके बदले आरोपी ने जोगिंद्र को चैक दिए थे। दोनों लड़कों मेंं उसका बेटा व भतीजा है, जिनकों क्लर्क भर्ती करवाना था।
सी.एम. विंडो पर दी थी शिकायत
जोगिंद्र सिंह ने बताया कि दो पुलिस कर्मी पंचकूला मेंं कार्यरत हैं। जोगिंद्र सिंह ने जींद में सी.एम. विंडो पर इसकी शिकायत दी। उसे कहा गया कि पंचकूला में शिकायत दो। जोगिंद्र सिंह ने चंडीमंदिर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने 6 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।
फर्जी रोल नंबर दिया
आरोपी जसबीर सिंह, हरियाणा पुलिस में हैड कांस्टेबल जसविंद्र गुज्जर, उसका भाई हैड कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह, ए.एस.आई. चंद्र सिंह, राजपाल प्रेमी कैथल निवासी और एक अन्य व्यक्ति को जोगिंद्र सिंह ने 5 मई, 2016 को 12 लाख रुपए कैश दिए थे। आरोपी ने उसे फर्जी हरियाणा विधानसभा की क्लर्क की पोस्ट का रोल नंबर दिया और पेपर भी दिलवाए, जोकि फर्जी थे। आरोपी उसे बहकाते रहे कि आपका काम हो जाएगा, चिंता मत करो। उसके पैसे से जसबीर सिहं गुज्जर ,जसविंद्र गुज्जर,चंद्र सिंह 20 अगस्त, 2016 को थाईलैंड में एक सप्ताह के टूर पर गए थे। जोगिंद्र सिंह ने बातया की यह एक गिरोह है, जो भोले-भाले लोगों को नौकरी लगवाने का झांसा देकर पैसे ठगता है। जोगिंद्र सिंह ने जब अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी उसे कहने लगे की थोड़े दिन रुक जाओ। हम पैसे लौटा देंगे लेकिन पैसे नहीं लौटाए।