Edited By Punjab Kesari,Updated: 20 May, 2018 09:00 AM
एम.एल.ए. हॉस्टल के पास शनिवार दोपहर को एक फॉरच्यूनर गाड़ी को पी.सी.आर. की गाड़ी ने टक्कर मार दी।
चंडीगढ़(सुशील) : एम.एल.ए. हॉस्टल के पास शनिवार दोपहर को एक फॉरच्यूनर गाड़ी को पी.सी.आर. की गाड़ी ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही फॉरच्यूनर गाड़ी तीन बार पलट गई। फॉरच्यूनर गाड़ी में एक महिला व युवती समेत तीन लोग सवार थे। इस हादसे में तीनों को मामूली चोटें आईं। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सैक्टर-3 थाना प्रभारी पूनम दिलवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची।
फॉरच्यूनर चालक पंचकूला के सैक्टर-11 निवासी उदित ने बताया कि पी.सी.आर. की गाड़ी ने उसकी गाड़ी को साइड से टक्कर मारी, जिससे पी.सी.आर. गाड़ी का इंजन क्षतिग्रस्त हुआ है। पी.सी.आर. गाड़ी को कांस्टेबल मनोज चला रहा था। फॉरच्यूनर गाड़ी में उदित के साथ उसकी मां और बहन थीं। उदित ने बताया कि पी.सी.आर. गाड़ी के चालक मनोज की लापरवाही से एक्सीडैंट हुआ।
पी.सी.आर. गाड़ी काफी रफ्तार में थी। फारच्यूनर गाड़ी को टक्कर मारने के बाद पी.सी.आर. की गाड़ी चौक में जाकर लगी और रुक गई। सैक्टर-3 थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में किसी भी तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है इसलिए केस दर्ज नहीं किया गया है।