Edited By bhavita joshi,Updated: 11 Jan, 2019 02:53 PM
निगम ने बजट बनाने का काम शुरू कर दिया है।
चंडीगढ़(राय): निगम ने बजट बनाने का काम शुरू कर दिया है। फरवरी में इसे नगर निगम सदन की बैठक में पास कर दिया जाएगा। इस बार का बजट करीब एक हजार करोड़ रुपए का होगा। पिछले वर्ष यह बजट करीब नौ सौ करोड़ रुपए का था। जनवरी में मेयर चुनाव के बाद वित्त एवं अनुबंध समिति की बैठक में बजट प्रस्तुत किया जाएगा। वित्त एवं अनुबंध समिति की मंजूरी के बाद इसे नगर निगम सदन की बैठक में मंजूरी के लिए लाया जाएगा। बजट की तैयारी के संबंध में नगर निगम कमिश्नर की अध्यक्षता में नगर निगम के अधिकारियों की वीरवार को बैठक हुई है। बैठक में 12 ग्राम पंचायतों के 13 गांव में विकास कार्य के लिए प्रशासन से अलग से बजट की मांग की जाएगी।
वेतन और पैंशन के खर्चे की होगी समीक्षा
बैठक में यह भी तय हुआ है कि जितने भी वेतन, पैंशन का खर्च हो रहा है उसकी समीक्षा होगी। इस बात पर भी चर्चा हुई कि नगर निगम के खर्च में किस प्रकार से कटौती करनी है। प्राथमिक शिक्षा, स्वास्थ्य के अलावा गांव में बुनियादी सुविधाओं के लिए बजट में जगह दी जाएगी। सड़कों की मरम्मत, सीवर और पानी की लाइन को दुरुस्त करने पर भी जोर रहेगा। स्ट्रीट लाइट व अन्य सुविधाओं पर भी बैठक में चर्चा हुई है।
ऑर्डर होते ही बन जाएंगे निगम के कर्मचारी
प्रशासन द्वारा आदेश जारी करने के साथ ग्रामीण विकास विभाग के सभी कर्मचारी नगर निगम के हो जाएंगे। इसी महीना से अब वे सभी कर्मचारी नगर निगम के हो जाएंगे। ग्रामीण विभाग के पास क्या-क्या संपत्तियां व इंफ्रास्ट्रकचर है इसके हस्तांतरण होना है इसके लिए दोनों ओर से कमेटी का गठन होगा। अकाऊंट भी नगर निगम को ट्रांसफर होगा, लेकिन वह अकाऊंट कुछ समय तक अलग रहेगा। उसका ब्यौरा अलग रहेगा। ट्रांसफर होने वाली चीजों के लिए फोटोग्राफिक साक्ष्य रखा जाएगा। एक एक चीज की फोटो होगी।