Edited By Priyanka rana,Updated: 02 Sep, 2019 09:43 AM
धनास स्थित बोटैनिकल गार्डन में रविवार शाम को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब यहां नाबालिग लड़का-लड़की अचेत हालात में मिले।
चंडीगढ़(संदीप) : धनास स्थित बोटैनिकल गार्डन में रविवार शाम को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब यहां नाबालिग लड़का-लड़की अचेत हालात में मिले। आसपास के लोगों ने यह देख इस बारे में पुलिस को सूचित किया और दोनों को पी.जी.आई. पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने जांच के बाद लड़की को मृत घोषित कर दिया, जबकि लड़के ने रात को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
11वीं में पढ़ते थे दोनों :
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों ही सैक्टर-37 स्थित एक स्कूल में कक्षा-11 के छात्र हैं और दोनों की उम्र 16 साल है। पुलिस जांच के अनुसार लड़की मोहाली निवासी है, जबकि लड़का धनास का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार लड़का और लड़की दोनों ही एक साथ पढ़ाई करते थे और दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी। दोनों शादी करना चाहते थे, जिसके लिए उन्होंने अपने-अपने घरों में भी बात कर ली थी।
इस पर दोनों के परिजनों ने उन्हें कहा था कि जब वे बालिग हो जाएंगे और उनकी पढ़ाई भी पूरी हो जाएगी तो उनकी शादी करवा देंगे, लेकिन शायद दोनों को यह बात रास नहीं आ रही थी जिसके चलते ही वह रविवार को बोटैनिकल गार्डन पहुंचे थे और वहीं पर दोनों ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। पुलिस केस की जांच में जुट गई है।