Edited By pooja verma,Updated: 19 Apr, 2019 08:40 PM
पुलिस ने लालडू इलाके में हुई ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझा लिया है।
डेराबसी (गुरप्रीत): पुलिस ने लालडू इलाके में हुई ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझा लिया है। एस.एस.पी. मोहाली हरचरन सिंह की भुल्लर ने एक विशेष टीम का गठन किया था, जिसमें एस.पी. इन्वैस्टिगेशन वरुण शर्मा, डी.एस.पी. डेराबसी सिमरनजीत सिंह, डी.एस.पी. मेजर क्राइम मोहाली गुरदेव सिंह धालीवाल, सी.आई.ए. स्टाफ इंचार्च मोहाली सतवंत सिंह सिद्धू व एस.एच.ओ. लालडू इंस्पैक्टर गुरचरन सिंह शामिल थे।
प्रैस कॉन्फ्रैंस में एस.एस.पी. हरचरन सिंह भुल्लर ने बताया कि इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें मृतक की पत्नी व उसका प्रेमी शामिल है। लालडू क्षेत्र के तोफापुर गांव में ब्लाइंड मर्डर केस में अनिल टांक नाम शख्स की सिर में पत्थर मार कर हत्या कर दी गई थी।
आरोपी पत्नी ने अवैध संबंधों को परवान चढ़ाने के लिए अपने प्रेमी संग मिलकर अपने ही पति की हत्या करवाई। मृतक अनिल की पत्नी के आरोपी शाहनवाज से अवैध संबंध थे और अनिल उनके अवैध संबंधों के आड़े आ रहा था।
दरगाह पर माथा टेकने के बहाने रुके और कर दी हत्या
दरअसल पुलिस को 11 अप्रैल को लालडू थाना क्षेत्र अधीन पड़ते तोफापुर से एक शव मिला था। उसकी पहचान अनिल टांक पुत्र कृष्ण अमर टांक निवासी 07 महेश मात्रे चालक गणेश निवास, शिवाजी रोड, पश्चिमी कांदीवली, मुंबई के तौर पर हुई थी।
अनिल टांक ने पत्नी पूजा उर्फ पुष्पा को अपने साथ मुम्बई चलने के लिए कहा लेकिन वह नहीं मानी। शाहनवाज से एक साल से उसके अवैध संबंध चल रहे थे। वारदात को अंजाम देने के लिए पूजा उर्फ पुष्पा व शाहनवाज उसे मौलीजागरां से अपने मोटरसाइकिल एच.आर. 03टी 1507 पर बैठा सोनीपत से 10 अप्रैल की रात को अपने एक दोस्त से पैसे लाने के बहाने ले गए।
गांव तोफापुर में एक दरगाह पर माथा टेकने के बहाने रुके और खेतों में अनिल के सिर में ईंटें मार कर उसका कत्ल कर दिया। एस.एस.पी. भुल्लर ने बताया कि इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाना मोहाली पुलिस के लिए चैलेंज था क्योंकि शव के पास खास सबूत नहीं मिले थे।
स्पेशल इन्वैस्टिगेशन टीम ने मृतक अनिल की शिनाख्त की। इसके बाद पुलिस कड़ी-दर-कड़ी जोड़ती गई और आरोपी शाहनवाज पुत्र अहमद अली निवासी धामपुर जिला बिजनौर यू.पी. को धर-दबौचा। वह मोरी गेट मनीमाजरा में रह रहा था। आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल लिया।