Edited By Gurdeep,Updated: 15 Sep, 2020 09:14 PM
9 दोपहिया वाहन बरामद, कोर्ट ने भेजा जेल
चंडीगढ़, 15 सितम्बर (सुशील राज): घरों से कूड़ा उठाने के बहाने रैकी कर दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को सैक्टर-39 थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 9 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनमें 7 बाइक और दो एक्टिवा शामिल हैं। आरोपियों की पहचान मलोया की ग्वाला कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय अशोक कुमार, गांव डड्डूमाजरा के 25 वर्षीय अजय कुमार, गांव खुड्डा जसू के 20 वर्षीय सचिन और ई.डब्ल्यू.एस. कालोनी धनास के रहने वाले जितेंद्र के रूप में हुई है। आरोपी चोरी के वाहनों को हरियाणा में बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
दो आरोपियों ने रिमांड में किया अन्य वारदातों का खुलासा
कार्यवाहक एस.एस.पी. विनीत कुमार ने बताया कि कुछ समय से एरिया में वाहन चोरी की वारदातें हो रही थी। मौलीजागरां के रहने वाले अभिषेक ने पुलिस को शिकायत दी थी। उसने पुलिस को बताया था कि वह 12 सितम्बर को दोपहर एक बजे बूथ मार्कीट सैक्टर-40 में गया था। उसने अपना चंडीगढ़ नंबर का एक्टिवा मार्कीट की पार्किंग में खड़ा कर दिया। जब वह 2.30 बजे वापस आया तो उसका एक्टिवा गायब था। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। थाना क्षेत्र में लगातार दोपहिया वाहनों की चोरी की वारदातें हो रही थी। थाना-39 प्रभारी इंस्पैक्टर अमनजोत सिंह की सुपरविजन में एक टीम गठित की गई। टीम ने सैक्टर-37/38 स्मॉल चौक के पास सैक्टर-37 की साइड से एक्टिवा पर सवार आरोपी अशोक और उसके साथी अजय को रोककर पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ कि जिस एक्टिव पर वे सवार हैं, वह चोरी का है। पुलिस ने तुरंत आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों आरोपियों को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया था। रिमांड के दौरान पुलिस ने मामले में अन्य दो आरोपियों और वाहन चोरी के अन्य मामलों का खुलासा किया।
वाहन चोरी के पांच केस सॉल्व हुए
जिला जालंधर के रहने वाले सुनील कुमार ने 14 सितम्बर को पुलिस में बाइक चोरी की शिकायत दी थी। उसकी बाइक सैक्टर-38 से चोरी हुई थी। पुलिस ने आरोपी सचिन को सैक्टर-40 के कम्युनिटी सैंटर के पास से काबू किया और चोरी की बाइक बरामद की। पुलिस ने चौथे आरोपी जितेंद्र को सैक्टर-38 वेस्ट लाइट प्वाइंट के पास चोरी की बाइक समेत काबू किया। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने 9 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। गांव बुटरेला के रहने वाले विशाल मिश्रा ने पुलिस को शिकायत में बताया था कि उसकी बाइक 12 सितम्बर को गांव बुटरेला गेट के पास से चोरी हुई थी। पुलिस ने बताया कि वाहन चोरी के पांच केस सॉल्व हुए हैं, जिनमें सैक्टर-19, 34, 36,11 और सारंगपुर थाने के केस शामिल हैं।
हरियाणा में बेचने की फिराक में थे
चारों आरोपी पिछले तीन महीने से शहर में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। इसके लिए आरोपियों ने रैकी करने के लिए घरों से कूड़ा उठाने का काम शुरू किया। रात के समय वे वाहन चुरा लेते थे और इन्हें हरियाणा में बेचने की फिराक में थे लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने इन्हें अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार कर लिया है।
कार की बैटरी भी चुराई थी
पकड़े गए आरोपी अजय और उसके साथी अशोक से पुलिस ने 5 मामले सुलझाने का दावा किया है। दोनों आरोपी गारबेज कलैक्ट करने का काम करते हैं। आरोपी सचिन ड्राइवर है। जितेंद्र 12वीं पास है और मार्कीटिंग का काम करता है। आरोपियों ने पंजाब के असिस्टैंट कमिश्नर एक्साइज एंड टैक्सेशन की कार की बैटरी भी चुराई थी। अशोक और अजय ने 22 / 23 अगस्त की देर रात को घर के बाहर खड़ी कार की बैटरी चोरी की थी। चोरी की गई बैटरी पुलिस ने सैक्टर-39 के जंगल एरिया से बरामद की।