Edited By bhavita joshi,Updated: 17 Jun, 2019 01:01 PM
ओ.एल.एक्स. के जरिए ठगी का कारनामा करने वाला ठग एक के बाद एक लोगों को शिकार बनाता जा रहा है।
जीरकपुर(गुरप्रीत): ओ.एल.एक्स. के जरिए ठगी का कारनामा करने वाला ठग एक के बाद एक लोगों को शिकार बनाता जा रहा है। बलटाना गांव के समाजसेवी व ह्यूमन राइट वॉच जिरकपुर के प्रधान जत्थेदार हरबंस सिंह ने पुराना फ्रिज बेचने के लिए ओ.एल.एक्स. पर पोस्ट डाली। ठग ने फौजी बताकर हरबंस से गूगल-पे अकाऊंट से पेमैंट करने का कहकर नंबर पूछा और खाते से 48000 रुपए निकाल लिए।
प्रधान हरबंस सिंह ने बताया कि उन्होंने पुराना फ्रिज बेचने के लिए ओ.एल.एक्स. पर पोस्ट डाली। शनिवार शाम 7 बजे एक व्यक्ति ने कॉल कर कहा कि वह पंचकूला से है। उसे फ्रिज पसंद आ गया है। अपना अकाऊंट नंबर भेज दीजिए। इसमें रुपए डलवा देगा।
गूगल-पे से निकाले रुपए
हरबंस सिंह ने नकद या पे.टी.एम. से रुपए मांगे तो व्यक्ति ने कहा कि वह आर्मी में नौकरी करता है और गूगल-पे का इस्तेमाल करता है। गूगल-पे का अकाउंट नंबर दे दीजिए। उनके फोन पर गूगल-पे एप नहीं था तो उन्होंने ठग व्यक्ति जैसे-जैसे कहता गया, उन्होंने अपने भतीजे के जरिए एप डाउलोड कर लिया और फोन पर ओ.टी.पी. नंबर आया। धोखे से नंबर उसने ले लिया। इसके बाद उनके खाते से एक बार 12000 दूसरी बार 24000 व तीसरी बार फिर 12000 रुपये निकाल लिये। मोबाइल पर रुपए निकाले जाने का मैसेज आने पर उसे धोखाधड़ी का पता चला और तब उन्होंने बैंक अकाउंट बंद कराया।