Edited By Priyanka rana,Updated: 19 Dec, 2018 09:51 AM
चंडीगढ़ पुलिस का इंटैलीजैंस विंग फेल हो चुका है। पंजाब के गैंगस्टर और शॉर्प शूटर चंडीगढ़ में आकर आराम से रहते हैं लेकिन पुलिस को इनकी भनक तक नहीं लगती।
चंडीगढ़(सुशील) : चंडीगढ़ पुलिस का इंटैलीजैंस विंग फेल हो चुका है। पंजाब के गैंगस्टर और शॉर्प शूटर चंडीगढ़ में आकर आराम से रहते हैं लेकिन पुलिस को इनकी भनक तक नहीं लगती। हर बार की तरह पंजाब पुलिस ही इन अपराधियों की जानकारी चंडीगढ़ पुलिस को देती है।
इसके बाद आनन-फानन में चंडीगढ़ पुलिस हरकत में आती है। हैरानी यह है कि गैंगस्टर हैरी चीमा इंडस्ट्रीयल एरिया थाने से करीब 100 कदम दूरी पर होटल में रह रहा था लेकिन चंडीगढ़ पुलिस को पता तक नहीं चला।
पंजाब पुलिस ने भेजी थी गैंगस्टर की फोटो :
गैंगस्टर व शॉर्प शूटर हैरी चीमा के बारे में इंडस्ट्रीयल एरिया पुलिस कुछ नहीं जानती थी। वह उसे सिर्फ यू.पी. निवासी अमन समझ रही थी। पंजाब पुलिस ने सोमवार सुबह हैरी चीमा का डाटा और फोटो चंडीगढ़ पुलिस को दी थी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। इसके बाद थाना प्रभारी अस्पताल में पहुंचे और वहां दाखिल हैरी चीमा से फोटो मिलाकर वहां पुलिस तैनात की थी।
गैंगस्टर दिलप्रीत भी रहा था सैक्टर-38 में :
पंजाब पुलिस का वांटेड गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह उर्फ बाबा भी एक साल तक सैक्टर-38 में अपनी गर्लफ्रैंड के पास रह रहा था। इसके बारे में भी पुलिस को भनक नहीं लगी थी। पंजाब पुलिस ने दिलप्रीत को सैक्टर-43 बस स्टैंड के पास दबोचा था। इसके अलावा गैंगस्टर हरविंदर सिंह उर्फ रिंडा सैक्टर-10 स्थित होटल माऊंटव्यू में कई बार ठहरा था। पुलिस को पता ही नहीं लगा था।