Edited By bhavita joshi,Updated: 22 Sep, 2018 10:18 AM
पी.सी.ए. स्टेडियम के नजदीक एक ऑटो चालक ने लड़की को अकेला पाकर उसे ठिकाने पर उतारने के बजाये ऑटो भगा लिया।
मोहाली (कुलदीप): पी.सी.ए. स्टेडियम के नजदीक एक ऑटो चालक ने लड़की को अकेला पाकर उसे ठिकाने पर उतारने के बजाये ऑटो भगा लिया। ऑटो चालक की यह हरकत देख लड़की ने चलते आटो से छलांग लगा दी। लड़की को काफी चोटें आईं हैं उसे चंडीगढ़ के सैक्टर-16 स्थित अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं मोहाली फेज-11 के एस.एच.ओ. गुरप्रीत सिंह बैंस ने बताया कि हमें सेक्टर 16 चंडीगढ़ स्थित अस्पताल से सूचना आई थी। जांच अधिकारी को बयान लेने भेज दिया है। बयान लेने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
सभी सवारियां उतर गई तो अकेली रह गई
सैक्टर-49 चंडीगढ़ निवासी पीड़िता मोहाली के फेज-7 में किसी कोचिंग सैंटर में आती है। शुक्रवार को दोपहर 1 बजे के करीब वह कोचिंग खत्म होने के बाद घर वापस जाने के लिए फेज-10 सिल्वी पार्क तक जाने के लिए ऑटो में बैठी थी। पी.सी.ए. स्टेडियम के नजदीक जाकर सभी सवारियां उतर गईं और वह अकेली ही रह गई। उस समय ऑटो चालक के साथ उसका एक और साथी भी बैठा हुआ था।
सिल्वी पार्क के पास जब वे नहीं रूके तो लड़की ने रुकने को कहा तो उन्होंने ऑटो और तेज कर लिया। घायल अवस्था में लड़की ने परिजनों को फोन किया। उन्होंने उसे अस्पताल पहुंचाया। लड़की के परिजनों ने बताया कि लड़की बहुत ज्यादा डरी हुई थी। जिस ऑटो में वह बैठी हुई थी, वह हरे व पीले रंग का था।