Edited By Priyanka rana,Updated: 04 Nov, 2019 09:49 AM
पिंजौर-बद्दी हाईवे किनारे बसे कर्णपुर पंचायत के गांव टपरिया में गांव की गुग्गा माड़ी में एक बुजुर्ग की लाठी से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई।
पिंजौर(रावत) : पिंजौर-बद्दी हाईवे किनारे बसे कर्णपुर पंचायत के गांव टपरिया में गांव की गुग्गा माड़ी में एक बुजुर्ग की लाठी से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कालका सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के रखवा दिया है। कर्णपुर निवासी बलबीर सिंह ने पुलिस को बताया कि मृतक ज्ञान सिंह (65) उसका रिश्ते में चाचा लगता था। ज्ञान सिंह अविवाहित था और उसी के पास रहता था। रात को वह गुग्गा माड़ी में चौकीदारी करता था। शनिवार रात भी ज्ञान सिंह ने घर पर खाना खाया और गांव स्थित गुग्गा माडी में चला गया।
बलबीर ने बताया कि रविवार सुबह उसका बेटा राजवीर सिंह सुबह साढ़े चार बजे गुगामाड़ी पूजा करने गया तो देखा कि आम के पेड़ के पास ज्ञान सिंह का शव पड़ा है। उसके सिर पर किसी हथियार से वार किया था और काफी खून निकला हुआ था। पुलिस को सूचना दी गई।
लूट के मकसद से हत्या की आशंका :
मर्डर की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर थाना पिंजौर प्रभारी और फॉरैंसिक टीम पहुंची। पुलिस को लोगों ने बताया कि मृतक की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। हो सकता है किसी ने लूट के मकसद से वारदात को अंजाम दिया हो।
पुलिस को भी शक है कि लाठी से पीट-पीट कर हत्या की गई है। पुलिस में आशंका जताई है कि रात को कोई गुग्गा माड़ी के चढ़ावे को लूटने आया होगा और ज्ञान सिंह की हत्या कर दी होगी।