Edited By bhavita joshi,Updated: 07 Apr, 2019 08:55 AM
एक बार फिर साबित हो गया कि विदेशों में हो रही चंडीगढ़ के हैरीटेज फर्नीचर की ऑक्शन को रोकने में न तो यू.टी. प्रशासन कामयाब हो पा रहा है और न ही गृह मंत्रालय।
चंडीगढ़(विजय) : एक बार फिर साबित हो गया कि विदेशों में हो रही चंडीगढ़ के हैरीटेज फर्नीचर की ऑक्शन को रोकने में न तो यू.टी. प्रशासन कामयाब हो पा रहा है और न ही गृह मंत्रालय। स्थानीय निवासियों द्वारा यह मामला बार-बार गृह मंत्री राजनाथ सिंह के पास भी उठाया जा चुका है। लेकिन बावजूद इसके शिकागो के एक ऑक्शन हाऊस में लगभग 40 लाख रुपए में चंडीगढ़ के हैरीटेज फर्नीचर ऑक्शन के जरिए बेच दिए गए।
इस ऑक्शन में कुल 6 स्लॉट्स रखे गए हैं। इनमें फ्रेंच आर्कीटैक्ट पियरे जैनरे द्वारा डिजाइन किए गए फर्नीचर शामिल हैं। जिन फर्नीचर्स की ऑक्शन होने जा रही है, वे किसी समय में पंजाब यूनिवर्सिटी, प्रशासकीय बिल्डिंग और हाईकोर्ट में इस्तेमाल होते थे। गौरतलब है कि चंडीगढ़ प्रशासन से लेकर मिनिस्ट्री तक शिकायत पहुंचने के बावजूद शहर के हैरीटेज फर्नीचर की विदेशों में नीलामी जारी है।
वहीं शहर के लोगों द्वारा आलोचना की जा रही है कि बार-बार हो रही इन ऑक्शन से यह बात पूरी तरह से साबित हो गई कि पियरे जैनरे के चंडीगढ़ में दिए गए योगदान की चंडीगढ़ प्रशासन को कोई फिक्र नहीं है। गैरकानूनी तरीके से चंडीगढ़ से विदेशों में भेजे जा रहे फर्नीचर की शिकायत इससे पहले विदेश मंत्रालय से भी की जा चुकी है।
यह फर्नीचर थे ऑक्शन में
फर्नीचर अनुमानित राशि (डॉलर्स में) बिके
एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग की फोल्डिंग स्क्रीन 7000 से 9000 13750
कॉलेज ऑफ आर्कीटैक्चर के दो स्टूल्स 3000 से 5000 3750
एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग के फाइल रैक 5000 से 7000 8125
आर्कीटैक्चर कॉलेज के स्टूल्स 3000 से 5000 2000
ईजी आर्म चेयर 15000 से 20000 18750
पी.यू. के कैफेटेरिया की डाइनिंग टेबल 5000 से 7000 11250